विदेश में नौकरी या प्रेमिका से शादी में से क्या चुनें? पाकिस्तानी PM का जवाब सोशल मीडिया पर हुआ वायरल
पाकिस्तान के केयरटेकर प्राइम मिनिस्टर अनवार उल हक काकड़ ने नए साल के मौके पर एक ऑनलाइन समाचार आउटलेट के साथ दिलचस्प बातें कीं। इस दौरान एक सवाल के जवाब में उन्होंने कहा कि पुरुष उसी महिला से शादी करें जो आपको पसंद हो, भले ही आप 82 वर्ष के हों।
पाकिस्तानी पीएम एक मीडिया हाउस के जरिए ऑनलाइन लोगों के सवालों का जवाब दे रहे थे। इस दौरान लोगों ने अपने सवाल एंकर को भेजे और फिर उन्होंने कुछ चुनिंदा सवालात चुने। इसके बाद इन्हें काकड़ को फॉरवर्ड किया गया। बाद में उन्होंने इनके जवाब दिए।

पीएम काकड़ से जब एक शख्स ने पूछा कि अगर उन्हें पागल सास मिल जाए तो वे क्या करेंगे? प्रधानमंत्री ने इसके जवाब में कहा कि इसके लिए क्राइसिस मैनेजमैंट का कोर्स करना ही बेहतर होगा।
पूछे गए सवालों में से एक था 'क्या मुझे उस महिला से शादी करनी चाहिए जो मुझे पसंद है?' इस पर उन्होंने जवाब दिया, हां... किसी को भी उसी से शादी करने के बारे में हमेशा सोचना चाहिए जो उसे पसंद हो।
पीएम कक्कड़ से पूछा गया कि क्या 52 साल के इंसान को भी अपनी पसंद की महिला से शादी करनी चाहिए। इस पर कक्कड़ ने जवाब दिया, "बेशक, भले ही आप 82 साल के हों, अगर आप शादी करना चाहते हैं तो जरूर कीजिए।"
उनसे एक सवाल पूछा गया कि यदि कोई किसी को प्रभावित करना चाहता है और उसके पास पैसे नहीं हैं तो उसे क्या करना चाहिए, उन्होंने कहा कि उन्होंने अपने जीवन में कभी किसी को प्रभावित करने की कोशिश नहीं की, लेकिन वह हमेशा कई अन्य लोगों से प्रभावित रहे हैं।
एक अन्य सवाल में पूछा गया कि अगर विदेश में अच्छी नौकरी मिले और उसके लिए प्यार को छोड़ना पड़े तो क्या करना चाहिए? इसके जवाब में उन्होंने कहा कि मुझे लगता है कि प्यार संयोग से मिलता है और नौकरी काबिलियत के हिसाब से मिलती है। आपको अपनी क्षमता के अनुसार यह नौकरी पाने का मौका मिलने जा रहा है तो मौका मत चूको।
क्या लड़कियां राजनीतिक रूप से ताकतवर पुरुषों की ओर आकर्षित होती हैं? इस सवाल के जवाब में पीएम ने कहा कि यह [सवाल] उनसे नहीं बल्कि लड़कियों से पूछा जाना चाहिए। हालांकि इसके बाद उन्होंने कहा कि इसका जवाब 'हां' हो सकता है लेकिन फिर भी वे वास्तव में इसका जवाब नहीं जानते।
इन सवालों का जवाब देते हुए अनवर-उल-हक कक्कड़ का वीडियो सोशल मीडिया पर खूब वायरल हो रहा है और इसे सोशल मीडिया यूजर्स से मिली-जुली प्रतिक्रिया मिल रही है।












Click it and Unblock the Notifications