Paris Attack: फ्रांस के सबसे व्यस्त रेलवे स्टेशन पर अंधाधुंध चाकू चलाने लगा शख्स, कम से कम 6 लोग घायल
फ्रांस की राजधानी पेरिस के रेलवे स्टेशन पर एक शख्स ने चाकू से हमला कर दिया है। शख्स के हमले में कई लोगों के घायल होने की खबर है। फ्रांस के गृह मंत्री जेराल्ड डर्मैनिन ने इसकी पुष्टि की है। पुलिस ने हमलावर को पकड़ लिया है

File Image: PTI
फ्रांस की राजधानी पेरिस के सबसे व्यस्त माने जाने वाले रेलवे स्टेशन गारे डू नॉर्ड पर एक शख्स ने चाकू से कई लोगों पर हमला कर दिया है। इस हमले में कम से कम 6 लोगों के घायल होने की खबर है। फ्रांस के गृह मंत्री जेराल्ड डर्मैनिन ने इसकी पुष्टि की है। पुलिस ने हमलावर को काबू में कर लिया है।
पुलिस ने हमलावर को पकड़ा
फ्रांस ब्लेयू रेडियो ने बताया कि गारे डु नोर्ड रेलवे स्टेशन पर बुधवार सुबह को एक शख्स ने चाकू मारकर कई लोगों को घायल कर दिया। फ्रांस के गृहमंत्री ने ट्विटर पर कहा, "पुलिस को उनके साहसिक और प्रभावशाली प्रतिक्रिया के लिए धन्यवाद। पुलिस द्वारा हमलावर को काबू में कर लिया गया है।" बीएफएम टीवी ने कहा कि पुलिस ने आदमी को रोकने के लिए बंदूक का इस्तेमाल किया था। हालांकि अभी पता नहीं चल पाया है कि हमलावर ने लोगों पर चाकू क्यों चलाया था? जानकारी के मुताबिक पेरिस न्यायिक पुलिस की आपराधिक ब्रिगेड को इस घटना की जांच करने की जिम्मेदारी दी गई है।
दुनिया का तीसरा सबसे व्यस्त रेलवे स्टेशन
रेल ऑपरेटर एसएनसीएफ के हवाले से रेडियो फ्रांसइन्फो ने कहा कि यह हमला गारे डू नॉर्ड ट्रेन स्टेशन के अंदर 0640 सीईटी (0540 जीएमटी) के आसपास हुआ। स्टेशन यूरोप में सबसे व्यस्त स्टेशनों में से एक है और पेरिस, लंदन और यूरोप के उत्तर के बीच एक प्रमुख कड़ी है। गारे डु नोर्ड स्टेशन को यातायात की दृष्टि से दुनिया का तीसरा सबसे व्यस्त रेलवे स्टेशन माना जाता है। आंकड़े के मुताबिक हर दिन 7 लाख से अधिक लोग यहां आते हैं। फ्रांसइन्फो ने बताया कि पुलिस ने क्षेत्र को सुरक्षित कर लिया है और ट्रेनें सामान्य रूप से चल रही हैं। फ्रांस की स्थानीय मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक पुलिस अधिकारियों ने यात्रियों से जगह के दृश्य को छिपाने के लिए सीढ़ियों के नीचे बड़े सफेद पर्दे लगाए थे।












Click it and Unblock the Notifications