मलेशिया ने भारतीयों के लिए की वीजा फ्री एंट्री की घोषणा, श्रीलंका, वियतनाम और थाईलैंड के बाद बना चौथा देश
India-Malaysia Visa Free Travel: ब्लूमबर्ग ने मलेशिया के प्रधान मंत्री अनवर इब्राहिम के हवाले से बताया है, कि मलेशिया 1 दिसंबर से देश का दौरा करने वाले भारत और चीन के नागरिकों के लिए वीजा फ्री एंट्री की शुरूआत कर देगा। यानि, अब भारतीय लोगों को मलेशिया जाने के लिए वीजा लेने की जरूरत नहीं होगी।
ब्लूमबर्ग ने रविवार को अपनी पीपुल्स जस्टिस पार्टी की वार्षिक कांग्रेस में एक भाषण में प्रधानमंत्री अनवर के हवाले से कहा, कि भारतीय और चीनी नागरिक 30 दिनों तक मलेशिया में बिना वीजा रह सकते हैं। हालांकि, वीज़ा जारी करना सुरक्षा जांच के अधीन होगा।

भारतीयों के लिए वीजा फ्री एंट्री की शुरूआत
श्रीलंका, वियतनाम और थाईलैंड के बाद भारतीय नागरिकों के लिए वीज़ा-फ्री एंट्री की घोषणा करने वाला मलेशिया चौथा देश बन गया है। ब्लूमबर्ग ने कहा है, कि मलेशिया आर्थिक विकास को बढ़ावा देने के लिए अपने टूरिज्म सेक्टर को तेजी से बढ़ाना चाहता है और पूरी दुनिया में भारतीय नागरिक सबसे ज्यादा यात्रा करने के लिए जाने जाते हैं, लिहाजा मलेशिया की कोशिश भारत और चीन के नागरिकों को अपने देश में यात्रा करने के लिए प्रोत्साहित करना है।
मलेशिया के प्रधानमंत्री अनवर ने पिछले महीने "विशेषकर भारत और चीन से" पर्यटकों और निवेशकों के प्रवेश को प्रोत्साहित करने के लिए अगले साल वीज़ा सुविधाओं में सुधार करने की योजना की घोषणा की थी।
वियतनामी समाचार एजेंसी वीएनएक्सप्रेस ने बताया, कि इस महीने की शुरुआत में, वियतनाम के संस्कृति, खेल और पर्यटन मंत्री गुयेन वान जंग ने देश के पर्यटन क्षेत्र की रिकवरी को बढ़ावा देने के लिए चीन और भारत जैसे प्रमुख बाजारों के लिए अल्पकालिक वीजा छूट का आह्वान किया था। फिलहाल जर्मनी, फ्रांस, स्वीडन, इटली, स्पेन, डेनमार्क और फिनलैंड के नागरिक बिना वीजा के वियतनाम की यात्रा कर सकते हैं।
थाईलैंड से पहले, श्रीलंका ने भी 31 मार्च 2024 तक पांच महीने की अवधि के लिए सात देशों के यात्रियों को मुफ्त वीजा देने के प्रस्ताव को मंजूरी दे दी थी। ये देश हैं भारत, चीन, रूस, मलेशिया, जापान और इंडोनेशिया। इस कदम का उद्देश्य द्वीप राष्ट्र में ज्यादा से ज्यादा पर्यटकों को आकर्षित करना है। स्थानीय मीडिया आउटलेट्स ने श्रीलंकाई पर्यटन मंत्रालय के हवाले से कहा, कि "हम आने वाले वर्षों में पर्यटकों की संख्या बढ़कर 50 लाख तक पहुंचने की उम्मीद कर रहे हैं।"












Click it and Unblock the Notifications