सच निकली ऋषि सुनक की भविष्यवाणी, 10 दिन में ही पीएम लिज ट्रस ने लिया बड़ा यू-टर्न, मुसीबत में ब्रिटेन
ब्रिटेन की कंजरवेटिव सरकार ने विवाद गहराने के बाद पिछले महीने घोषित कर कटौती योजना से यू-टर्न ले लिया है। प्रधानमंत्री लिज ट्रस ने जोर देकर कहा कि वह सबसे धनी लोगों के लिए कर कटौती नहीं छोड़ेंगी।
लंदन, 3 अक्टूबरः ब्रिटेन की कंजरवेटिव सरकार ने विवाद गहराने के बाद पिछले महीने घोषित कर कटौती योजना से यू-टर्न ले लिया है। प्रधानमंत्री लिज ट्रस ने जोर देकर कहा कि वह सबसे धनी लोगों के लिए कर कटौती नहीं छोड़ेंगी। इस योजना को लेकर लिज ट्रस और पार्टी के अन्य सांसदों को व्यापक स्तर पर विरोध झेलना पड़ रहा था। हालांकि, इसके बावजूद वे लगातार इसका समर्थन कर रही थीं। लेकिन सीएनएन की रिपोर्ट के अनुसार, ब्रिटिश सरकार ने अब घोषणा की है कि वह अपनी प्रस्तावित 'विकास योजना', जिसमें आयकर की उच्चतम दर को समाप्त करने की योजना थी, उसे उलट देगी।

वित्त मंत्री भी अपने बयान से पलटे
वहीं, वित्त मंत्री क्वासी क्वार्टेंग ने भी एक बयान में कहा है कि वह 1.5 लाख पाउंड से अधिक आय पर 45 फीसदी की दर से आयकर लगने के प्रावधान को नहीं हटाएंगे। वित्त मंत्री क्वासी क्वार्टेंग ने कहा, "हमने इस बारे में उठ रही आवाजों को सुन लिया है।" वित्त मंत्री ने अपने ट्विटर अकाउंट पर एक बयान में कहा, "ब्रिटिश व्यवसाय का समर्थन करने से लेकर सबसे कम भुगतान के लिए कर का बोझ कम करने तक, हमारी विकास योजना एक अधिक समृद्ध अर्थव्यवस्था बनाने के लिए एक नया दृष्टिकोण निर्धारित करती है।"

23 सितंबर को हुई थी घोषणा
दरअसल ब्रिटेन में उच्च आय वाले वर्ग को आयकर की ऊंची दर से राहत देने की 10 दिनों पहले की गई घोषणा का व्यापक स्तर पर विरोध हो रहा था। इससे सत्तारूढ़ कंजर्वेटिव पार्टी के संसद सदस्य भी खुश नहीं थे और वे सरकार पर इसे वापस लेने का लगातार दबाव डाल रहे थे। इस उलटफेर में हुई देरी का बचाव करते हुए वित्त मंत्री ने कहा, "हम हमेशा इसकी टाइमिंग को लेकर बहस कर सकते हैं, लेकिन महत्वपूर्ण बात यह है कि हमने निर्णय लिया है और अब विकास योजना को आगे बढ़ाने का प्रयास करने में जुट गए हैं।"

चार दशक के निचले स्तर पर कारोबार कर रहा पाउंड
ट्रस की सरकार ने गत 23 सितंबर को एक राहत पैकेज की घोषणा की थी जिसमें 45 अरब पौंड की कर कटौतियां भी शामिल थीं। सीएनएन की रिपोर्ट के अनुसार, कंजरवेटिव पार्टी की करों में कटौती और खर्च को बढ़ावा देने की योजना सामने आने के बाद अमेरिकी डॉलर के मुकाबले ब्रिटिश पाउंड में तेज गिरावट हुई और डॉलर के मुकाबले पाउंड में अपने सबसे न्यूनतम स्तर 1.0327 पर पहुंच गया था। ब्रिटिश पाउंड का स्तर 1980 के दशक की शुरुआत में देखे गए स्तरों के बराबर है। पाउंड के ऐतिहासिक निम्न स्तर पर गिरने से बाजार में अराजकता फैल गयी, जिससे गवर्निंग कंजर्वेटिव पार्टी के भीतर विद्रोह हो गया।

लिज ट्रस ने किया था पुरजोर बचाव
हालांकि प्रधानमंत्री लिज ट्रस ने एक दिन पहले ही अपनी सरकार की तरफ से घोषित कर कटौती योजना का पुरजोर बचाव किया था और कहा था कि कंजरवेटिव सरकार इस योजना पर आगे बढ़ना जारी रखेगी। हालांकि उन्होंने यह माना था कि इस फैसले के पहले थोड़ी जमीन तैयार कर लेना जरूरी था। बतादें कि लिज ट्रस के प्रधानमंत्री बनने के बाद यह उनका पहला बड़ा यू-टर्न है। यह टैक्स कट सरकार के एक नए 'ग्रोथ प्लान' का हिस्सा था जिसकी घोषणा वित्त मंत्री ने दस दिन पहले ही की थी। इस योजना में 45 अरब पाउंड की अलग-अलग टैक्स कटौतियां शामिल थीं। उच्च आय वाली टैक्स कटौती केवल 2 अरब पाउंड की थी, लेकिन पूरे प्लान में से सबसे बड़ी चर्चा का विषय यही बना था।












Click it and Unblock the Notifications