भारत-चीन सीमा विवाद पर बोला अमेरिका- 'हम हर हालात में अपने दोस्त के साथ खड़े रहेंगे'
India China Tension: अमेरिका में सत्ता परिवर्तन हो चुका है और जो बाइडेन ने राष्ट्रपति पद की बागडोर संभाल ली है, लेकिन भारत का रिश्ता अभी भी अमेरिका के साथ पुराने जैसा बना हुआ है। अमेरिका के नए प्रशासन ने भी भारत के साथ अपनी दोस्ती को खास बताया। मौजूदा वक्त में अमेरिका, भारत-चीन सीमा पर चल रहे तनाव की बारीकी से निगरानी कर रहा है। साथ ही बीजिंग के पैटर्न पर चिंता व्यक्त की है।

Recommended Video
मामले में अमेरिकी विदेश विभाग के प्रवक्ता नेड प्राइस ( Ned Price) ने मीडिया से बात करते हुए कहा कि हम स्थिति पर करीब से नजर रख रहे हैं। हम भारत और चीन की सरकारों के बीच चल रही बातचीत पर भी ध्यान देते हैं। अमेरिका हमेशा से सीधे बातचीत और सीमा विवादों के शांतिपूर्ण समाधान का समर्थन करता है। वहीं दूसरे सवाल के जवाब में नेड ने कहा कि अपने पड़ोसियों को डराने के लिए बीजिंग जो पैटर्न बना रहा हम उसको लेकर भी चिंता व्यक्त करते हैं। साथ ही हम हमेशा अपने दोस्त भारत के साथ खड़े हैं, चाहे वो सुरक्षा का मुद्दा हो या फिर विकास का।
वहीं मीडिया ने जब नेड से पूछा कि क्या बाइडेन प्रशासन ने भारत में चल रहे किसान आंदोलन और मानवाधिकार के मुद्दों पर चर्चा की। इस पर उन्होंने कहा कि हम नियमित रूप से भारत सरकार के संपर्क में रहते हैं और हमारी साझा प्रतिबद्धता लोकतांत्रिक मूल्यों के लिए है। हमारा मानना है कि लोकतांत्रिक मूल्य ही भारत अमेरिका संबंध के बीच का आधार हैं।
मई से चल रहा सीमा विवाद
आपको बता दें कि पिछले साल मई में चीन ने लद्दाख और सिक्किम में घुसपैठ की थी। सिक्किम में कुछ दिनों बाद माहौल शांत हो गया, लेकिन लद्दाख में अभी भी गतिरोध जारी है। पिछले महीने भारत और चीन के सैन्य कमांडरों के बीच नौवें दौर की वार्ता हुई थी। इस दौरान दोनों पक्षों ने सीमा पर शांति और संयम बरतने की बात कही थी।












Click it and Unblock the Notifications