किम जोंग इस महीने रूस में पुतिन से मिलेंगे, यूक्रेन युद्ध के बीच नॉर्थ कोरिया से हथियारों पर चर्चा- रिपोर्ट
उत्तर कोरियाई नेता किम जोंग उन राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन से मिलने के लिए जल्द ही रूस की यात्रा कर सकते हैं।न्यूयॉर्क टाइम्स की रिपोर्ट के मुताबिक किम जोंग ने यूक्रेन में युद्ध के लिए हथियारों की सप्लाई की संभावना पर चर्चा करने के लिए सितंबर में पुतिन से मिलने के लिए रूस की यात्रा करने की योजना बनाई है।
न्यूयॉर्क टाइम्स में छपि रिपोर्ट के अनुसार किम बख्तरबंद ट्रेन से रूस के प्रशांत तट पर व्लादिवोस्तोक तक यात्रा करेंगे, जहां वह पुतिन से मुलाकात करेंगे।

इससे पहले व्हाइट हाउस की तरफ से दावा करते हुए कहा गया था कि रूस ने यूक्रेन युद्ध के बीच उत्तर कोरिया से हथियार मांगे हैं। अमेरिका के दावे के मुताबिक पुतिन ने किम जोंग उन को पत्र लिखकर मिसाइल, बम, गोला-बारूद और अन्य युद्धक सामग्री की मदद करने को कहा था।
वहीं अब न्यूयॉर्क टाइम्स ने सोमवार को अमेरिका और अपने सूत्रों का हवाला देते हुए दावा किया कि किम जोंग और पुतिन ने हथियारों पर चर्चा के लिए रूस में मिलने की योजना बनाई है।
बताया गया है कि रूस यूक्रेन में अपने युद्ध के लिए और अधिक हथियार चाहता है, और इस महीने किम की यात्रा की योजना बनाने के लिए एक उत्तर कोरियाई प्रतिनिधिमंडल ने हाल ही में ट्रेन से रूस की यात्रा की थी।
अमेरिकी अधिकारी के मुताबिक उम्मीद है कि किम इस महीने के भीतर यात्रा करेंगे। हालांकि उन्होंने यह भी कहा कि बैठक कहां और कब होगी पता नहीं, लेकिन उत्तर कोरिया से इसकी निकटता को देखते हुए प्रशांत बंदरगाह शहर व्लादिवोस्तोक में इसकी संभावना है।
राष्ट्रीय सुरक्षा परिषद की प्रवक्ता एड्रिएन वॉटसन ने सोमवार को कहा कि रूसी रक्षा मंत्री सर्गेई शोइगु ने हाल ही में प्योंगयांग की यात्रा की और उत्तर कोरिया को रूस को तोपखाना गोला-बारूद बेचने के लिए मनाने की कोशिश की। वॉटसन ने कहा, "हमारे पास जानकारी है कि किम जोंग उन को उम्मीद है कि ये चर्चाएं जारी रहेंगी, जिसमें रूस में नेता स्तर की राजनयिक भागीदारी भी शामिल होगी।"












Click it and Unblock the Notifications