'जलवायु परिवर्तन' पर भारत के काम का मुरीद हुआ अमेरिका, जॉन कैरी ने पढ़े पीएम मोदी की शान में कसीदे
अमेरिका के जलवायु दूत जॉन कैरी ने भारत की जमकर तारीफ की है और कहा है कि भारत ने दिखा दिया है कि आर्थिक विकास और स्वच्छ ऊर्जा का काम एक साथ चल सकता है।
नई दिल्ली, सितंबर 13: जलवायु परिवर्तन रोकने की दिशा में भारत सरकार के उठाए गये कदमों की अमेरिका ने जमकर तारीफ की है। अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडेन के विशेष दूत जॉन कैरी ने महत्वाकांक्षी जलवायु लक्ष्य निर्धारित करने के लिए सोमवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सराहना की है और कहा कि भारत ने प्रदर्शित किया है कि आर्थिक विकास और स्वच्छ ऊर्जा साथ-साथ चल सकती है। जॉन कैरी ने जलवायु लक्ष्यों में उल्लेखनीय प्रगति के लिए भारत को बधाई देते हुए कहा कि 450 गीगावाट अक्षय ऊर्जा लक्ष्य को भारत पूरा करेगा।

भारत की जमकर तारीफ
अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडेन के जलवायु परिवर्तन के मामले में विशेष दूत जॉन कैरी ने कहा कि ''पीएम मोदी ने भारत में बहुत महत्वाकांक्षी लक्ष्य निर्धारित किए हैं। अक्षय ऊर्जा के लिए 2030 तक 450 गीगावॉट का लक्ष्य दुनिया के सबसे शक्तिशाली लक्ष्यों में से एक है। भारत पहले ही करीब 100 GW तक पहुंच चुका है। मैं भारत को एक उल्लेखनीय उपलब्धि के लिए बधाई देता हूं,"। केरी ने कहा कि भारत यह दिखाने में विश्व में सबसे आगे है कि आर्थिक विकास और स्वच्छ ऊर्जा का काम साथ-साथ चल सकते हैं। उन्होंने कहा, "हमें पूरा विश्वास है कि एक लक्ष्य बनाकर 450 गीगावाट तक पहुंचा जा सकता है और हम भारत के साथ साझेदारी करने के लिए तत्पर हैं।" उन्होंने आगे कहा कि, ''भारत ने आर्थिक विकास का प्रदर्शन करने में एक वैश्विक नेता की भूमिका निभाई है और भारत ने बताया है कि स्वच्छ ऊर्जा कोई विकल्प नहीं है और आप इन दोनों ही कामों को एक साथ कर सकते हैं''।
भारत-अमेरिका साथ-साथ
भारत दौरे पर आये अमेरिकी जलवायु प्रतिनिधि ने घोषणा की है कि भारत और अमेरिका के बीच क्लाइमेट एक्शन एंड फाइनेंस मोबिलाइजेशन डॉयलॉग की जाएगी, जो काफी मजबूत होगा। इससे पहले आज, जॉन कैरी ने नई दिल्ली में केंद्रीय ऊर्जा मंत्री आरके सिंह से मुलाकात की, जो जलवायु संकट से निपटने के लिए भारत यात्रा के कार्यक्रम के मुताबिक था। आपको बता दें कि, जॉन कैरी 12-14 सितंबर तक भारत की आधिकारिक यात्रा पर हैं। अमेरिकी विदेश विभाग ने एक बयान में बताया है कि, अमेरिका के विशेष दूत ने वैश्विक जलवायु महत्वाकांक्षा को बढ़ाने और भारत के स्वच्छ ऊर्जा कार्यक्रम को गति देने के प्रयासों पर चर्चा करने के लिए भारत के समकक्षों और निजी क्षेत्र के नेताओं के साथ मुलाकात की है।

पीएम मोदी का अमेरिका दौरा
भारत के विदेश मंत्री एस. जयशंकर इस महीने की 20 तारीख को अमेरिका के दौरे पर जाने वाले हैं और वो वहां पर भारतीय प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की 22 सितंबर को अगुवाई करेंगे। पीएम मोदी 22 सितंबर को अमेरिका की राजधानी बेहद अहम क्वाड की बैठक में शामिल होने के लिए पहुंच रहे हैं। लेकिन, जलवायु परिवर्तन को लेकर उनकी अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडेन के साथ काफी अहम बातचीत होने वाली है। आपको बता दें कि इसी साल नवंबर में यूनाइटेड नेशंस जलवायु समिट की बैठक होने वाली है, जिसकी तैयारी काफी तेजी से की जा रही है।












Click it and Unblock the Notifications