जो बाइडेन की रूस को खुली चेतावनी, कहा- हमारा लड़ने का कोई इरादा नहीं, लेकिन नाटो क्षेत्र की रक्षा के लिए...
रूस यूक्रेन के बीच संकट लगातार गहराता जा रहा है। इसी बीच अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडेन ने कड़े शब्दों में रूस को चेतावनी दी है।
वाशिंगटन, 23 फरवरी। रूस यूक्रेन के बीच संकट लगातार गहराता जा रहा है। ऑस्ट्रेलिया के प्रधानमंत्री ने तो अपने संबोधन में यहां तक कहा है कि रूस, यूक्रेन पर पूरे प्रभाव से आक्रमण करने के अंतिम बिंदु पर है और संभव है कि वह अगले 24 घंटे में यूक्रेन पर हमला कर दे। इसी बीच अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडेन ने कड़े शब्दों में रूस को चेतावनी दी है। उन्होंने कहा, 'रूस से लड़ने का हमारा कोई इरादा नहीं है। हालांकि हम एक अचूक संदेश देना चाहते हैं कि अमेरिका अपने सहयोगियों के साथ मिलकर नाटो क्षेत्र के हर इंच की रक्षा करेगा।'

उन्होंने आगे कहा कि हमारा मानना है कि रूस यूक्रेन के खिलाफ बड़े पैमाने पर सैन्य हमले शुरू करने के लिए बहुत आगे जाने के लिए तैयार है। बता दें कि बार-बार ऐसी खबरें सामने आ रही हैं कि रूस की फौज यूक्रेन में प्रवेश कर चुकी है, हालांकि इन खबरों की कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। इससे पहले अलगाववादियों की यूक्रेन की सेना पर हमले की बात सामने आई थी, जिसमें एक जवान की मौत हो गई थी।
यह भी पढ़ें: टाटा बनाम मिस्त्री विवाद, 9 मार्च को फिर से सुप्रीम कोर्ट में सुनवाई, जानें पूरा मामला
बता दें कि रूस के यूक्रेन में विद्रोहियों के कब्जे वाले इलाके दोनेत्स्क और लुहान्स्क को मान्यता देने के बाद अमेरिका, ब्रिटेन और जर्मनी जैसे देशों ने रूप पर सीमित प्रतिबंध लगाए हैं। वहीं यूक्रेन ने भी रूस के खिलाफ कड़े कदम उठाने शुरू कर दिये हैं। यूक्रेन की संसद आत्मरक्षा के लिए हर नागरिक के पास हथियार रखने का कानून पास कर चुकी हैं। इसके अलावा यूक्रेन अलगाववादी क्षेत्रों दोनेत्स्क और लुहान्स्क के अलावा पूरे देश में 30 दिनों का आपातकाल लगाने की योजना बना रहा है।












Click it and Unblock the Notifications