उत्तरी कोरिया की मिसाइल गिराने की तैयारी में जापान, सेना को अलर्ट पर रखा, सैटेलाइट लांच कर पाएंगे किम जोंग?
उत्तरी कोरिया की मिसाइल जापान के ओकिनोवा इलाके में उड़ान भर सकती है ऐसे में वहां पर अमेरिकी मिसाइल डिफेंस सिस्टम पैट्रियट, और एजिस डिस्ट्रोयर को तैनात करने के आदेश दे दिए गए हैं।

उत्तरी कोरिया ने इस सप्ताह अपना पहला सैन्य जासूसी सैटेलाइट लांच करने का ऐलान किया है। इस बीच जापान ने शनिवार को किसी भी तरह के मिसाइल को हवा में ही मार गिराने की तैयारी करने का आदेश दे दिया है।
मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक जासूसी सैटेलाइट को ऑर्बिट में स्थापित करने के लिए नॉर्थ कोरिया को लंबी रेंज वाले प्रोजेक्टाइल की जरूरत पड़ेगी। लेकिन इसे संयुक्त राष्ट्र की पाबंदियों की वजह से नॉर्थ कोरिया इस्तेमाल नहीं कर सकता है।
संयुक्त राष्ट्र इस तरह के प्रैक्टिस को बैलिस्टिक मिसाइल टेक्नोलॉजी के परीक्षण के रूप में देखता है। ऐसे में उत्तरी कोरिया का इस तरह सैटेलाइट लॉन्च करने की कोशिश करना नियमों का उल्लंघन करना होगा।
रक्षा मंत्रालय के बयान के मुताबिक शनिवार को जापानी मंत्री यासुकाजू हमादा ने सेल्फ डिफेंस फोर्सेस को कहा कि उन्हें बैलिस्टिक मिसाइल सहित अन्य को मार गिराने के आदेश मिल सकते हैं। हमादा ने सैनिकों को बैलिस्टिक मिसाइल गिरने की स्थिति में क्षति को सीमित करने के लिए आवश्यक उपाय लागू करने का निर्देश दिया।
जापान टाइम्स के मुताबिक उत्तरी कोरिया 2012 और 2016 में नियमों के खिलाफ जाकर बैलिस्टिक मिसाइलों का परीक्षण कर चुका है। दोनों ही बार मिसाइलों ने ओकिनावा क्षेत्र के ऊपर से उड़ान भरी थी। इसके बावजूद किसी ने भी उसकी मिसाइलों को इंटरसेप्ट यानी गिराने की कोशिश नहीं की है।
हालांकि उत्तर कोरिया ने इसे सैटेलाइट लांचिग करार दिया था। जापानी मीडिया ने शनिवार को बताया कि रक्षा मंत्रालय ने 2012 में भी इसी तरह की तैयारी के आदेश जारी किए थे। हालांकि उत्तर कोरिया ने सैन्य जासूसी उपग्रह को लांच किए जाने की ठीक तारीख नहीं बताई है।
उत्तरी कोरियाई नेता किम जोंग उन ने सिर्फ इतना कहा है कि सैटेलाइट को 'तय तारीख' पर भेजा जाएगा। इससे पहले मंगलवार को जापान में G7 के विदेश मंत्रियों की बैठक में उत्तर कोरिया से मांग की गई थी कि वह इस साल कई प्रक्षेपणों के बाद किसी और बैलिस्टिक मिसाइल परीक्षण से परहेज करे।
G7 ग्रुप ने भी उत्तरी कोरिया को संभावित परमाणु हथियार परीक्षण करने के खिलाफ चेतावनी दी और कहा कि अगर इसका पालन नहीं किया गया तो गंभीर परिणाम भुगतने पड़ सकते हैं। इस बीच विशेषज्ञों ने अंदेशा जताया है कि यदि जापान ने उत्तरी कोरिया की सैटेलाइट या मिसाइल को शूट किया तो इससे दोनों देशों का विवाद और बढ़ जाएगा।












Click it and Unblock the Notifications