जापान में अचानक बढ़ गए सात हजार से भी अधिक द्वीप, 35 सालों बाद गिनती होने पर हुआ खुलासा
अब तक जापान द्वीपों की जिस गिनती को मानता आया है, वह आंकड़ा 1987 में जापान कोस्ट गार्ड ने दिया था। उस वक्त यह काम हाथ से ही किया गया था।

Image: oneindia
जापान में अचानक से 7,000 द्वीप बढ़ गए हैं। कुछ समय तक जहां जापान में महज 6,852 द्वीप थे अब अचानक बढ़कर 14,125 हो गए हैं। दरअसल जापान ने 35 सालों में पहली बार अपने द्वीपों की गिनती कराई है। डिजिटल मैपिंग टेक्नोलॉजी की मदद से हुई इस गिनती में जापानी द्वीपों की संख्या पहले के मुकाबले करीब दोगुनी हो गई है। हालांकि इसका मतलब ये नहीं है कि द्वीपों की संख्या बढ़ने से देश का क्षेत्रफल भी बढ़ जाएगा। लेकिन अब ये तय हो गया है कि जापान लगभग 6 हजार नहीं बल्कि 14 हजार से भी अधिक द्वीपों से मिलकर बना है।
डिजीटल मानचित्रों के साथ कंप्यूटर द्वारा गिनती
जापानी मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक सरकार जल्द ही नई गिनती से जुड़े आंकड़े जारी कर सकती है। रिपोर्ट के मुताबिक जियोस्पेशल इन्फॉर्मेशन अथॉरिटी ऑफ जापान (जीएसआई) के 2022 के इलेक्ट्रॉनिक लैंड मैप के आधार पर द्वीपों की गिनती करवाई गई। इस दौरान पुरानी हवाई तस्वीरों और डाटा की भी मदद ली गई, ताकि कृत्रिम द्वीपों को इस गिनती से अलग किया जा सके। इस दौरान जापान में एक लाख से अधिक द्वीप पाए गए। हालांकि इस सूची में उन्हीं द्वीपों को शामिल किया गया जिनकी परिधि कम से कम 100 मीटर है।
दोबारा गिनती क्यों हुई?
लिबरल डेमोक्रैटिक पार्टी के एक सांसद ने दिसंबर 2021 में जापानी द्वीपों की गिनती के पुराने आंकड़े को मुद्दा बनाते हुए कहा था कि राष्ट्रीय महत्व से जुड़े प्रशासनिक मामलों के लिए द्वीपों की सटीक गिनती मालूम होना जरूरी है। अब तक जापान द्वीपों की जिस गिनती को मानता आया है, वह आंकड़ा 1987 में जापान कोस्ट गार्ड ने दिया था। उस वक्त यह काम हाथ से ही किया गया था। इस दौरान कागजी मानचित्रों का इस्तेमाल कर द्वीपों की गिनती की गई थी। हालांकि उस दौर में भी जानकारों ने कहा कि यह संख्या असली आंकड़ों से काफी कम हो सकती है।
421 द्वीपों पर है मानवों की आबादी
जापान एक द्वीपसमूह है। अंग्रेजी में इस भौगोलिक बनावट को आर्किपेलेगो कहते हैं। यहां मुख्य चार द्वीप हैं, होक्काइदो, होंशू, शिकोकू और क्यूशु और कई सौ छोटे आबादी वाले द्वीप और कई निर्जन टापू हैं। इसके अलावा कई छोटे और बेहद छोटे द्वीप हैं, जो उत्तर में साइबेरिया के पूर्वी छोर से दक्षिण में ताइवान के सुदूर किनारे तक फैले है। द्वीपों के फैलाव के कारण जापान का स्थलीय भूभाग कम होते हुए भी यह काफी लंबा है और 370,000 वर्ग किलोमीटर से ज्यादा के क्षेत्र में फैला है। हजारों द्वीपों में से करीब 421 पर ही इंसानी बसाहट है।












Click it and Unblock the Notifications