Ivanka Trump ने कैपिटल बिल्डिंग के दंगाइयों को कहा देशभक्त, फिर डिलीट कर दिया ट्वीट
Ivanka Trump Deleted Tweet: वाशिंगटन डीसी। जिस समय ट्रंप समर्थक अमेरिकी लोकतंत्र की प्रतीक कैपिटल बिल्डिंग में हिंसा कर रहे थे उसी वक्त राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की बेटी इवांका ट्रंप उन्हें देशभक्त बता रही थीं। इवांका ट्रंप ने ट्वीट में दंगाइयों को अमेरिकी देशभक्त कहते हुए उन्हें हिंसा न करने के लिए कहा। बाद में दबाव बढ़ता देख इवांका ने ये ट्वीट डिलीट कर दिया।

इवांका के ट्वीट की आलोचना
इवांका ने पिता डोनाल्ड ट्रंप के एक ट्वीट को रिट्वीट करते हुए लिखा "अमेरिकी देशभक्तों- किसी भी तरह से सुरक्षा को तोड़ना या हमारे पुलिस बलों का अपमान बिल्कुल स्वीकार्य नहीं होगा।" उन्होंने आगे लिखा कि "हिंसा तुरंत खत्म होनी चाहिए। कृपया शांत रहें।"
लेकिन बाद में जब कैपिटल बिल्डिंग में दंगा करने वालों को देशभक्त कहने पर उनकी आलोचना होने लगी तो उन्होंने कुछ ही मिनटों में ट्वीट डिलीट कर दिया।
Recommended Video

ट्रंप ने क्या किया था ट्वीट ?
इवांका ने ट्रंप के जिस ट्वीट को रिट्वीट किया था उसमें ट्रंप ने समर्थकों से हिंसा रोकने की अपील करते हुए लिखा था "कृपया हमारी कैपिटल पुलिस और कानून प्रवर्तन एजेंसियों का सहयोग कीजिए। वे वास्तव में हमारे देश की तरफ हैं। शांत रहें।"
बुधवार को शुरू हुई कांग्रेस की कार्यवाही के दौरान कैपिटल हिल बिल्डिंग में हिंसा भड़क उठी थी। हथियार बंद ट्रम्प समर्थक कैपिटल बिल्डिंग के अंदर घुस आए जिसके बाद बिल्डिंग को लॉकडाउन करना पड़ा था। सभी सांसदों को हाल से निकालकर सुरक्षित उनके चेंबर में पहुंचाया गया। यही नहीं स्थिति को संभालने के लिए नेशनल सिक्योरिटी गार्ड को बुलाना पड़ा। हिंसा में चार लोगों की मौत हुई है। एक महिला की मौत पुलिस की गोली लगने से हुई है।

ट्रंप को हटाने की तैयारी
कैपिटल बिल्डिंग में हिंसा के बाद राजधानी वाशिंगटन डीसी में आपात काल लगा दिया गया है। वाशिंगटन डीसी की मेयर म्यूरिल बाउजर ने बताया है कि उन्होंने एक आदेश जारी कर राजधानी में आज से आपातकाल की घोषणा की है। ये आपातकाल अगले 15 दिनों के लिए लगाया गया है।
कैपिटल बिल्डिंग में हिंसा की घटना के बाद अब ट्रम्प के सहयोगी भी उनके खिलाफ हो गए हैं। खबर आ रही है कि डोनाल्ड ट्रंप के कैबिनेट सहयोगी अब उन्हें राष्ट्रपति पद से हटाने की तैयारी कर रहे हैं। इसे लेकर कैबिनेट सदस्यों के बीच चर्चा हुई है।












Click it and Unblock the Notifications