Video: LIVE शो कर रही थी एंकर, अचानक हुआ हमला! इजरायल ने ईरान के TV स्टूडियो पर दागीं मिसाइलें
Israel Strike Iran TV Studio: इजरायली सेना ने ईरान के सरकारी न्यूज नेटवर्क इस्लामिक रिपब्लिक ऑफ ईरान न्यूज नेटवर्क (IRINN) के मुख्यालय पर सोमवार 16 जून को मिसाइल हमला किया। यह नेटवर्क ईरान के सरकारी मीडिया संगठन IRIB द्वारा संचालित होता है। हमले के वक्त चैनल पर लाइव बुलेटिन चल रहा था, एक महिला एंकर लाइव शो में नजर आ रही हैं, जो अचानक बंद हो गया। ये वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
वायरल वीडियो में देखा जा सकता है कि न्यूज एंकर सहार इमामी (Sahar Imami) उस वक्त लाइव बुलेटिन पढ़ रही थीं। जैसे ही धमाका हुआ, पूरा स्टूडियो हिल उठा और एंकर को अपनी सीट छोड़कर भागना पड़ा। बैकग्राउंड में "अल्लाह-हू-अकबर" की आवाजें भी सुनाई देती हैं। स्थानीय मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, सहार इमामी और स्टूडियो का स्टाफ सुरक्षित हैं और किसी को चोट नहीं आई है। कुछ रिपोर्ट्स का यह भी दावा है कि एंकर ने बाद में फिर से अपने डेस्क पर लौटकर रिपोर्टिंग शुरू की, हालांकि इस दावे की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है। इससे पहले इजरायल डिफेंस फोर्स (IDF) ने IRIB के मुख्यालय के क्षेत्र में रहने वाले लोगों को तत्काल अलर्ट जारी किया था।

इजरायली रक्षा मंत्री बोले- ईरानी प्रोपेगेंडा हमेशा के लिए बंद होने वाला है
इजरायली रक्षा मंत्री इजराइल काट्ज ने बयान दिया कि "ईरानी प्रोपेगेंडा और उकसावे की जुबान जल्द ही हमेशा के लिए बंद होने वाली है।" इजरायल का कहना है कि वह अपने रणनीतिक लक्ष्यों को हासिल करने की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है।
दूसरी तरफ, दोनों देशों के आम नागरिक बमबारी के बीच जान बचाने के लिए भाग रहे हैं। इस हमले ने दोनों देशों के बीच चल रहे संघर्ष को और भी भयंकर बना दिया है, और क्षेत्र में तनाव अब चरम पर पहुंच गया है।
हम ईरानी जनता के दुश्मन नहीं हैं: बेंजामिन नेतन्याहू
इजरायल ने ईरान में अपने ऑपरेशन को बड़ा विस्तार देते हुए राजधानी तेहरान से 2,300 किलोमीटर दूर स्थित एक हवाई अड्डे सहित कई महत्वपूर्ण ठिकानों को निशाना बनाया है।
इजरायली सेना का दावा है कि उसने तेहरान के आसमान में पूरी हवाई बढ़त (air superiority) हासिल कर ली है और वह ईरान के मिसाइल लॉन्च साइट्स, हथियार निर्माण इकाइयों और सैन्य कमांड को निशाना बना रही है। इजरायली प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने बयान दिया कि ''हम ईरानी जनता के दुश्मन नहीं हैं, हम तो वहां के शासन को निशाना बना रहे हैं।''












Click it and Unblock the Notifications