'जो हमें नुकसान पहुंचाएगा, हम उसे तबाह कर देंगे', 100 फाइटर जेट्स से हमला कर इजरायली PM का हिज्बुल्लाह को जवाब
Israel-Hezbollah Conflict: इजराइल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने रविवार को हिज्बुल्लाह को एक सख्त संदेश में कहा है, कि इजराइल अपनी रक्षा के लिए सभी आवश्यक कदम उठाएगा।
नेतन्याहू का यह सख्त संदेश ईरान समर्थित हिजबुल्लाह के एक वरिष्ठ कमांडर की हत्या के प्रतिशोध में इजराइल पर सैकड़ों रॉकेट और ड्रोन दागे जाने के कुछ ही मिनटों बाद आया है, जिसका इजराइल ने खतरनाक जवाब देते हुए करीब 100 फाइटर जेट्स के साथ लेबनान में भीषण बमबारी की है।

इजराइली प्रधानमंत्री ने एक बयान में कहा है, कि "हम अपने देश की रक्षा करने, उत्तरी इजराइल के निवासियों को सुरक्षित रूप से उनके घरों में वापस लाने और एक सरल नियम को कायम रखने के लिए हर संभव कोशिश करने के लिए दृढ़ हैं, कि जो कोई भी हमें नुकसान पहुंचाता है, हम उसे नुकसान पहुंचाते हैं।"
जंग के मुहाने पर इजराइल-हिज्बुल्लाह
हिज्बुल्लाह के हमले के बाद पूरे उत्तरी इजराइल में हवाई हमले के सायरन बजने की रिपोर्ट मिली है, और हमले के खतरे के कारण इजराइल के बेन-गुरियन अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे को लगभग एक घंटे के लिए बंद कर दिया गया और उड़ानों को डायवर्ट कर दिया गया। इजराइल के होम फ्रंट कमांड ने उत्तरी इजराइल में अलर्ट स्तर बढ़ा दिया है और लोगों को बम शेल्टर होम के पास रहने के लिए कहा है।
लेबनान में एक व्यक्ति की मौत
कुछ ही देर पहले, लेबनान के सरकारी मीडिया ने बताया है, कि रविवार को दक्षिणी लेबनान के खियाम शहर में एक कार पर इजरायली हवाई हमले में एक व्यक्ति की मौत हो गई। लेबनान के स्वास्थ्य मंत्रालय ने बताया है, कि दक्षिणी लेबनान में इजराइली हमलों में दो लोग घायल हो गए हैं। नागरिक सुरक्षा अधिकारियों ने बताया है, कि उनमें से एक घायल, 17 साल के सीरियाई निवासी को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। वहीं, राज्य द्वारा संचालित राष्ट्रीय समाचार एजेंसी ने बताया है, कि खियाम शहर में एक कार पर हमले में एक व्यक्ति की मौत हो गई।

"घटना पर अमेरिका की पैनी नजर"
अमेरिका में, राष्ट्रीय सुरक्षा परिषद के प्रवक्ता सीन सेवेट ने कहा, कि राष्ट्रपति जो बाइडेन "इजराइल और लेबनान में होने वाली घटनाओं पर बारीकी से नजर रख रहे हैं।"
सेवेट ने कहा, "उनके निर्देश पर, वरिष्ठ अमेरिकी अधिकारी अपने इजराइली समकक्षों के साथ लगातार संवाद कर रहे हैं।" उन्होंने कहा, कि "हम इजराइल के खुद की रक्षा करने के अधिकार का समर्थन करते रहेंगे, और हम क्षेत्रीय स्थिरता के लिए काम करते रहेंगे।"
पेंटागन ने कहा, कि रक्षा सचिव लॉयड ऑस्टिन ने अपने इजराइली समकक्ष योआव गैलेंट से हिज़्बुल्लाह के खिलाफ इजराइल की सुरक्षा के बारे में बात की है। ऑस्टिन ने एक बयान में कहा, कि "ईरान और उसके क्षेत्रीय भागीदारों और प्रॉक्सी द्वारा किसी भी हमले के खिलाफ इजराइल की रक्षा के लिए संयुक्त राज्य अमेरिका की दृढ़ प्रतिबद्धता की पुष्टि की।" हाल के हफ्तों में, अमेरिका और यूरोपीय देशों के राजनयिकों ने इजरायल और लेबनान की कई यात्राएं की हैं, ताकि उस तनाव को कम किया जा सके, जिससे उन्हें डर है कि यह क्षेत्रीय युद्ध में बदल सकता है।
पिछले हफ्ते, इजराइल के रक्षा मंत्री ने कहा, कि वह हिज़्बुल्लाह के साथ संभावित लड़ाई की आशंका में लेबनानी सीमा की तरफ और ज्यादा सैनिक भेज रहे हैं। एक अन्य इजरायली सैन्य प्रवक्ता रियर एडमिरल डैनियल हगारी ने कहा, कि सेना ने आत्मरक्षा के अधिकार के तहत हमला किया है।
उन्होंने विस्तृत जानकारी दिए बिना कहा, कि "हम देख सकते हैं कि हिज्बुल्लाह लेबनानी नागरिकों को खतरे में डालते हुए इजराइल पर व्यापक हमला करने की तैयारी कर रहा है।" उन्होंने कहा, "हम उन क्षेत्रों में रहने वाले नागरिकों को चेतावनी देते हैं, जहां हिज्बुल्लाह काम कर रहा है, कि वे अपनी सुरक्षा के लिए तुरंत खतरे वाले क्षेत्र से से दूर चले जाएं।"












Click it and Unblock the Notifications