इजराइल में आपातकालीन सरकार बनने से क्या बदल जाएगा? क्यों नाराज हुईं बेंजामिन नेतन्याहू की पत्नी?
फिलीस्तीन के आतंकी संगठन हमास की ओर से इजराइल पर बर्बर आतंकी हमले के पांचवे दिन इजराइल में एक आपातकालीन सरकार बनाने पर समझौता हुआ है। प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू और नेशनल यूनियन पार्टी के प्रमुख बेनी गैंट्ज ने बुधवार को एक आपातकालीन सरकार बनाने के लिए तैयार हो गए हैं।
इजराइली मीडिया ने बताया कि गैंट्ज नेतन्याहू के नेतृत्व वाली सरकार में शामिल होंगे और युद्ध कैबिनेट का हिस्सा होंगे, जो मंत्रियों का एक छोटा मंच है जिसे हमास के खिलाफ लड़ाई में इजराइल की रणनीति को आकार देने का काम सौंपा गया है।

प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू के कार्यालय के अनुसार, तीन सदस्यों के साथ एक "युद्ध प्रबंधन कैबिनेट" स्थापित किया जाएगा। इसमें पीएम नेतन्याहू, रक्षा मंत्री योव गैलेंट और पूर्व रक्षा मंत्री बेनी गैंट्ज शामिल होंगे।
कार्यालय के बयान में कहा गया है कि जब तक हमास उग्रवादियों के साथ लड़ाई जारी रहेगी, तब तक इजराइल सरकार ऐसा कोई कानून या निर्णय पारित नहीं करेगी जो युद्ध से जुड़ा न हो।
गैंट्ज और नेतन्याहू ने तेल अवीव में किर्या सैन्य मुख्यालय में लगभग 30 मिनट तक निजी तौर पर मुलाकात की। विपक्षी दल के नेता एमके बेनी गैंट्ज, पहले सेना के प्रमुख और नेफ्ताली बेनेट की सरकार में रक्षा मंत्री के रूप में कार्य कर चुके हैं। गैंट्ज ने इस बात पर जोर दिया है कि अब प्राथमिकता इजराइल का युद्ध जीतना है।
बेनी गेट्स को बेहद महत्वाकांक्षी नेता माना जाता है। इजराईली मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक नेतन्याहू की पत्नी सारा नेतन्याहू, गैंट्ज को गठबंधन में शामिल करने से नाखुश दिखाई दे रही थीं। हालांकि उन रिपोर्टों पर प्रतिक्रिया देते हुए, सारा नेतन्याहू ने एकता सरकार का समर्थन करते हुए एक सार्वजनिक बयान जारी किया है।
गैंट्ज एक छोटे युद्ध मंत्रिमंडल के गठन पर जोर दे रहे हैं, जिसमें उच्चतम स्तर के सैन्य अनुभव वाले कम से कम दो विपक्षी राजनेताओं को शामिल करने की उम्मीद है। हालांकि कथित तौर पर नेतन्याहू अंतिम फैसला अपने हाथ में रखना चाहते हैं।
विपक्षी नेता यायर लैपिड ने भी आपातकालीन एकता सरकार में शामिल होने की पेशकश की छी, लेकिन उन्होंने उनकी शर्त थी कि आपातकालीन सरकार में चरमपंथी गुट शामिल न हों। हालांकि उन्होंने उन्हें नाम से नहीं बुलाया, लेकिन समझा जाता है कि लैपिड का मतलब राष्ट्रीय सुरक्षा मंत्री इतामार बेन ग्विर और वित्त मंत्री बेजेलेल स्मोट्रिच था।












Click it and Unblock the Notifications