न्यूयॉर्क टाइम्स का खुलासा, इजरायल को 1 साल पहले ही पता था कि हमास करने वाला है भीषण हमला
इजरायल को 7 अक्टूबर से शुरू हुए हमास के हमलों की जानकारी एक साल से भी पहले मिल गई थी। इसका खुलासा अमेरिका के अखबार न्यूयॉर्क टाइम्स ने अपनी एक रिपोर्ट में किया है।
दस्तावेजों, ईमेल और इंटरव्यू से पता चलता है कि इजरायली अधिकारियों ने 7 अक्टूबर के आतंकवादी हमले के लिए हमास की युद्ध योजना का ब्लूप्रिंट एक साल से भी पहले हासिल कर ली थी। लेकिन, इजरायली सैन्य और खुफिया अधिकारियों ने इस योजना को सपने करार देते हुए खारिज कर दिया था। क्योंकि इसे हमास के लिए लागू करना बहुत मुश्किल था।

खास बात यह है कि 40 पन्नों के दस्तावेज में लिखा एक-एक बिंदु वैसे ही हमास के विनाशकारी लडाकों ने फॉलो किया। जिसके चलते लगभग 1,200 लोगों की मौत हुई। इजरायली अधिकारियों ने इसे'जेरिको वॉल' नाम दिया था। इन दस्तावेजों में हमले के लिए कोई तारीख तय नहीं की गई थी। लेकिन, गाजा पट्टी के चारों ओर किलेबंदी को खत्म करने, इजरायली शहरों पर कब्जा करने और एक डिवीजन सहित प्रमुख सैन्य ठिकानों पर हमला करने के लिए डिजाइन किए गए एक व्यवस्थित हमले का लेखा-जोखा था।
हमास ने चौंकाने वाली सटीकता के साथ ब्लूप्रिंट का पालन किया। दस्तावेज में हमले की शुरुआत में रॉकेटों की बौछार, सीमा पर सुरक्षा कैमरों और स्वचालित मशीनगनों को ध्वस्त करने के लिए ड्रोन और पैराग्लाइडर, मोटरसाइकिलों और पैदल बंदूकधारियों को सामूहिक रूप से इजरायल में घुसने का नेतृत्व किया।
हमले के तीन महीने पहले हमास ने की थी ट्रेनिंग एक्सरसाइज
पिछले साल, दस्तावेज मिलने के तुरंत बाद, गाजा के साथ सीमा की रक्षा के लिए जिम्मेदार इजरायली सेना के गाजा डिवीजन के अधिकारियों ने कहा कि हमास के इरादे स्पष्ट नहीं थे। फिर, जुलाई में हमलों से ठीक तीन महीने पहले, इजराइल की सिग्नल खुफिया एजेंसी, यूनिट 8200 के एक अनुभवी एनालिस्ट ने चेतावनी जारी की थी। जिसमें बताया था कि हमास ने एक ट्रेनिंग एक्सरसाइज आयोजित की, जो ब्लूप्रिंट में दिए गए लेखे-जोखे के समान थी। लेकिन, गाजा डिवीजन के एक कर्नल ने उनकी चिंताओं को नजरअंदाज कर दिया।












Click it and Unblock the Notifications