इजराइल और हमास के बीच आज होगी डील! 3 साल के बच्चे की होगी सबसे पहले रिहाई, बंधकों को छोड़ने की शर्तें जानिए
इजराइल और हमास के बीच शांति समझौता अंतिम चरण में है। एक वरिष्ठ अमेरिकी अधिकारी ने सीएनएन को बताया है कि यह समझौता बेहद करीब है। हमास जल्द ही अपनी कैद से बच्चों और महिलाओं को छोड़ने वाला है।
सीएनएन ने एक राजनयिक सूत्र के हवाले से लिखा है कि मंगलवार को कतर एक अहम समझौते की घोषणा कर सकता है। इसके मुताबिक 7 अक्टूबर को बंधक बनाए गए महिलाओं और बच्चों को रिहा करने के लिए इजराइल कुछ समय तक जंग रोक सकता है।

वार्ता से जुड़े अमेरिकी अधिकारियों ने इस बात पर जोर दिया कि फिलहाल समझौता नहीं हुआ है मगर वे इस मामले में आशावादी हैं और उन्हें लगता है कि बंधकों की रिहाई के रूप में उन्हें कई हफ्तों का फल मिलने वाला है।
इस समझौते के मुताबिक इजराइल 50 महिलाओं और बच्चों को रिहा करेगा। इसके बदले में इजराइल 4 से 5 दिनों तक युद्ध पर विराम लगा सकता है। इतना ही नहीं प्रत्येक इजराइली नागरिक को रिहा करने के बदले इजराइल जेलों में बंद 3 फिलिस्तीनी कैदी को रिहा करेगा।
रिपोर्ट के मुताबिक अधिक बंधकों को रिहा करने की स्थिति में युद्धविराम को संभवतः आगे भी बढ़ाया जाएगा। रिहा किए जाने वाले बंधक विभिन्न देशों के होंगे। ऐसा माना जा रहा है कि जिस बंधक को सबसे पहले रिहा किया जाएगा वह अमेरिका का 3 वर्षीय बच्चा एबीगेल एडन हो सकता है।
एबीगेल एडन सबसे कम उम्र का अमेरिकी बंधक है जिसके माता-पिता को हमास के आतंकियों ने मार डाला था। फिलहाल यह पता नहीं चल पाया है कि शुरू के 50 बंधकों में से अमेरिका के और कितने बंधक होंगे।
रिपोर्ट के मुताबिक युद्धविराम की स्थिति में इजराइल हर दिन कम से कम 6 घंटे के लिए उत्तरी गाजा के ऊपर से खुफिया ड्रोन उड़ाना बंद रखेगा।
इससे पहले फिलिस्तीनी आतंकवादी समूह हमास प्रमुख इस्माइल हानिया ने सोमवार को कहा था कि वह इजराइल के साथ संघर्ष विराम समझौते के करीब हैं।
हालांकि अभी तक इजराइल की तरफ से कोई भी प्रतिक्रिया नहीं आई है। इससे पहले इजराइल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू और उनकी वार कैबिनेट ने बंधकों के परिवारों से मुलाकात की थी।
हमास ने 7 अक्टूबर को इजरायल पर हमले के दौरान लगभग 240 लोगों को बंधक बना लिया था, जिसमें 1,200 लोग मारे गए थे।












Click it and Unblock the Notifications