Israel-Hamas Ceasefire Deal: गाजा में 15 महीने बाद होगी शांति, इजरायल-हमास युद्ध विराम समझौते पर सहमत-सूत्र
Israel-Hamas Ceasefire Deal: गाजा में लंबे समय से चल रहे संघर्ष में एक महत्वपूर्ण मोड़ आया है, जब इजरायल और हमास ने एक युद्धविराम समझौते पर सहमति व्यक्त की है। यह समझौता सीएनएन के सूत्रों के हवाले से गाजा पट्टी में शांति स्थापित करने की दिशा में एक बड़ा कदम माना जा रहा है। हालांकि युद्ध विराम को लेकर आधिकारिक ऐलान होना बाकी है।
ऐसे में अब गाजा में जारी 15 महीने की जंग पर विराम लग जाएगा और शांति लौटेगी। सूत्रों के अनुसार इस समझौते के तहत हमास 7 अक्टूबर, 2023 के हमलों के दौरान पकड़े गए 33 इजरायली बंधकों को रिहा करेगा। इसके बदले में इजरायल सैकड़ों फिलिस्तीनी कैदियों को आजाद करेगा। यह समझौता गाजा के नागरिकों के लिए युद्ध से राहत और मानवीय सहायता लाने की उम्मीद जगाता है।

सीजफायर को लेकर आधिकारिक ऐलान होना
सीएनएन के अनुसार यह समझौता गाजा के लोगों को एक साल से अधिक समय में युद्ध से पहली राहत प्रदान करेगा और इजरायली बमबारी शुरू होने के बाद से यह केवल दूसरी राहत है। समझौते के बाद गाजा के उत्तरी हिस्से में लौटने वाले फिलिस्तीनी नागरिकों को सहायता पहुंचाने का रास्ता राफ होगा। गाजा के लोगों ने लंबे समय से मानवीय संकट का सामना किया है, और यह युद्धविराम उन्हें थोड़ी राहत प्रदान कर सकता है।
इस पर अमेरिकी सीनेटर जेम्स ई रिश ने अपनी प्रतिक्रिया देते हुए कहा, "गाजा में युद्धविराम की घोषणा स्वागत योग्य है। हालांकि, जश्न मनाने से पहले हम सभी यह देखना चाहेंगे कि यह किस तरह से लागू होता है।" वहीं, इज़रायली बमबारी शुरू होने के बाद से यह केवल दूसरी बार है, जब गाजा को राहत मिलती दिख रही है।
46707 फिलिस्तीनी मारे जा चुके
गौरतलब है कि 7 अक्टूबर, 2023 को हमास के हमलों के बाद इजराइल ने गाजा में बड़े पैमाने पर सैन्य अभियान शुरू किया था। गाजा के स्वास्थ्य मंत्रालय के अनुसार इन हमलों और जवाबी कार्रवाई में अब तक 46,707 फिलिस्तीनी मारे जा चुके हैं और 110,265 से अधिक घायल हुए हैं।
दूसरी ओर अल जजीरा के अनुसार हमास द्वारा किए गए हमलों में इजराइल में कम से कम 1,139 लोग मारे गए और 200 से अधिक लोगों को बंदी बनाया गया।
ये भी पढ़ें: Hamas-Israel Ceasefire Deal: इजराइल के 33 बंधकों को रिहा कर सकता है हमास, गाजा में बहुत जल्द युद्धविराम?
यह युद्धविराम समझौता संघर्षरत क्षेत्रों में शांति और स्थिरता लाने के लिए एक महत्वपूर्ण प्रयास है। अब यह देखना होगा कि यह समझौता वास्तविकता में कैसे लागू होता है और क्या यह लंबे समय तक शांति बनाए रखने में सफल हो पाएगा।












Click it and Unblock the Notifications