इजराइल ने ये क्या किया? गाजा के जबालिया शरणार्थी कैंप पर फिर किया हवाई हमला, 7 बंधकों की भी हुई मौत
इजराइल-हमास में जारी जंग के बीच हमास ने एक बड़ा दावा किया है। हमास ने इजराइल पर बंधकों को मारने का गंभीर आरोप लगाया है। हमास की सशस्त्र शाखा अल-कसम ब्रिगेड ने बुधवार को दावा किया कि इजराइल ने एक बार फिर से जबालिया शरणार्थी शिविर पर हमला किया है।
हमास का कहना है कि इजराइल के हवाई हमलों में 7 बंधकों की मौत हो गई है। इसमें से तीन विदेशी पासपोर्ट वाले थे। जानकारी के मुताबिक, हमास ने 239 लोगों को बंधक बनाया था, जिनमें से अब तक चार नागरिकों को रिहा कर दिया गया है।

अल जजीरा की रिपोर्ट के मुताबिक, इजराइल ने उत्तरी गाजा में सबसे बड़े जबालिया रिफ्यूजी कैंप को दूसरी बार निशाना बनाया। इसके पहले मंगलवार रात को यहां हमला हुआ था। गाजा के सबसे बड़े रिफ्यूजी कैंप में हुए दूसरे हमले से जुड़ी जानकारी इलाके में कम्युनिकेशन ठप होने की वजह से सामने नहीं आ सकी है।
आपको बता दें कि गाजा के जबालिया क्षेत्र में मौजूद शरणार्थी शिविर करीब 1.4 स्क्वायर किमी के इलाके में फैला है। हमले से पहले यहां करीब 1.16 लाख लोगों ने पनाह ले रखी थी। जबालिया गाजा पट्टी का सबसे बड़े शरणार्थी कैम्प है।
इजराइल ने मंगलवार को जबालिया शरणार्थी कैंप पर हवाई हमले कर उसे तहस-नहस कर दिया था। इस हमले में कम से कम 100 से अधिक लोग मारे गए थे। फिलिस्तीनी अधिकारियों के मुताबिक, शरणार्थी कैम्प पर की गई इजराइली बमबारी में 150 से अधिक लोग ज़ख्मी भी हुए हैं।
अब तक जबालिया कैंप को युद्ध के बीच सुरक्षित माना जा रहा था। लेकिन इजराइली हमले से साबित हो गया है कि गाजा में कहीं भी कोई इलाका सुरक्षित नहीं है।
इजराइल ने कहा है कि जबालिया कैम्प पर किए गए हमले में 50 लोग मारे गए हैं, जिनमें इब्राहीम बियारी नामक हमास का शीर्ष कमांडर शामिल था, जो 7 अक्टूबर को इज़रायल पर किए गए हमले में शामिल था।
मंगलवार रात को जबालिया कैम्प पर किए गए हवाई हमले को लेकर इजराइली सेना ने कहा कि उनके लड़ाकू विमानों ने एक टनल कॉम्प्लेक्स पर हमला किया था, जिसमें हमास के बहुत-से ऑपरेटिव मारे गए। इसमें इब्राहीम बियारी भी शामिल था। हालांकि हमास ने कैम्प में अपने किसी भी ऑपरेटिव की मौजूदगी से साफ़ इंकार किया।












Click it and Unblock the Notifications