बेत लाहिया में 73, जबालिया में 33 लोगों की मौत, उत्तरी गाजा में इजराइल का कहर, शरणार्थी शिविर निशाने पर क्यों?
Israel Attack on North Gaza: उत्तरी गाजा में इजराइल की तरफ से किए गए हमलों में बेत लाहिया में कम से कम 73 और पड़ोसी शहर जबालिया में 33 लोगों की जान चली गई है। इजराइल ने ये हमले उस वक्त किए हैं, जब हमास का नेता याह्या सिनवार मारा गया है और हमास ने युद्ध जारी रखने का ऐलान किया है।
हमास के अधिकारियों ने कहा है, कि इजराइली हमले के बाद बेत लाहिया शहर में भारी मलबा पसरा हुआ है, और आशंका है, कि दर्जनों लोग मलबे में फंसे हो सकते हैं, जिससे मृतकों की संख्या में इजाफा होने की आशंका जताई गई है।

वहीं, इजराइल डिफेंस फोर्स (IDF) ने कहा है, कि वह हताहतों की रिपोर्ट की जांच कर रहा है। हालांकि, उन्होंने ये भी कहा है, कि हमास ने जो आंकड़े जारी किए हैं, वो 'बढ़ा चढ़ाकर' किए गये हैं और इजराइली सेना के पास जो शुरूआती जानकारी है, उससे मेल नहीं खाते हैं। उत्तरी गाजा में नये हमले उस वक्त किए गये, जब कुछ ही घंटों पहले ऐसी रिपोर्टें सामने आईं, कि शहर के इंडोनेशियाई अस्पताल में इजराइली सैनिकों ने "भारी गोलीबारी" की है। गाजा के अधिकारियों ने कहा, कि क्षेत्र में बचाव कार्य वर्तमान में बाधित हैं, क्योंकि क्षेत्र में संचार और इंटरनेट सेवाएं बाधित हैं। गाजा के अधिकारियों ने जोर देकर कहा है, कि बमबारी "भीड़भाड़ वाले" आवासीय क्षेत्रों में हुई है।
शरणार्थी शिविर पर इजराइली एयरस्ट्राइक
बेत लाहिया गाजा का एकमात्र शहर नहीं है, जिसे इजराइल के क्रोध का सामना करना पड़ा है। शनिवार को जबालिया शरणार्थी शिविर पर इजराइली हवाई हमले में तीन दर्जन से ज्यादा लोग मारे गए। हमास नियंत्रित स्वास्थ्य अधिकारियों ने कहा, कि जबालिया में नासर जंक्शन के पास हुई इस घटना में 33 लोग मारे गए और दर्जनों घायल हो गए।
हमलों की यह हालिया घटना तब हुई है, जब गुरुवार को इजराइली प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने कहा, कि इजराइल गाजा में अपना अभियान तब तक जारी रखेगा, जब तक हमास, इजराइली बंधकों को जिंदा वापस नहीं लौटाता। हालांकि, इजराइल के कई सहयोगियों ने सिनवार की हत्या को दोनों युद्धरत पक्षों के बीच युद्ध विराम का आह्वान करने के अवसर के रूप में देखा है।
IDF ने कहा है, कि उन्होंने जबालिया और उत्तरी गाजा के अन्य हिस्सों में हमला किया है, ताकि हमास द्वारा इस क्षेत्र में फिर से संगठित होने और इजराइल के खिलाफ एक और हमला करने की कोशिश को काउंटर किया जा सके।
गाजा स्वास्थ्य मंत्रालय ने कहा है, कि "इजराइल, उत्तरी गाजा पट्टी में स्वास्थ्य प्रणाली को निशाना बनाने और उन्हें ध्वस्त करने की कोशिश कर रहा है।" गाजा में हमले के उसी दिन, कैसरिया में ड्रोन हमले में इजराइल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू की निजी आवास को निशाना बनाया गया। प्रधानमंत्री कार्यालय ने पुष्टि की है, कि प्रधानमंत्री का घर निशाना था, लेकिन नेतन्याहू और उनकी पत्नी मौजूद नहीं थे और कोई भी घायल नहीं हुआ।
हमले के जवाब में नेतन्याहू ने कहा, "ईरान के जिन एजेंटों ने आज मेरी और मेरी पत्नी की हत्या करने की कोशिश की, उन्होंने एक बड़ी गलती की है।" उन्होंने कहा, "यह मुझे और इजराइल राज्य को हमारे दुश्मनों के खिलाफ युद्ध जारी रखने से नहीं रोकेगा, ताकि पीढ़ियों तक हमारी सुरक्षा सुनिश्चित हो सके।"












Click it and Unblock the Notifications