Israel Attack Iran: ईरान पर इजराइल ने किया हमला, सैन्य ठिकानों को बनाया निशाना
Israel Attack Iran: इजराइल डिफेंस फोर्स ने शनिवार को जानकारी दी है कि उसने ईरान के सैन्य ठिकानों पर हवाई हमला कर दिया है। दरअसल तेहरान की ओर से तकरीबन एक महीने पहले लगभग 200 बैलिस्टिक मिसाइल इजराइल पर दागी गई थी, जिसके बाद इजराइल की सेना की ओर से यह हमला किया गया है। इजराइल सेना के प्रवक्ता ने कहा कि इजराइल का यह अधिकार है और कर्तव्य भी है कि वह हमले का जवाब दे। वहीं ईरान की सरकारी मीडिया ने हमले की पुष्टि करते हुए कहा कि पश्चिम तेहरान में धमाकों की आवाज सुनाई दी है।
रिवोल्यूशनरी गार्ड की करीबी न्यूज एजेंसी ने कहा कि कुछ सैन्य ठिकानों को तेहरान में निशाना बनाया गया है। हालांकि अभी तक यह साफ नहीं हो सका है कि यह हमला कितना बड़ा है और इससे कितना नुकसान हुआ है।

पेंटागन की ओर से साफ कर दिया गया है कि इस हमले में अमेरिका का कोई हाथ नहीं है। यूएस डिफेंस ऑफिशियल की ओर से कहा गया है कि वॉशिंगटन को इस ऑपरेशन की जानकारी दी गई थी।
सीरिया की सरकारी न्यूज एजेंसी ने कहा कि इजराइल की एयर स्ट्राइक ने मध्य सीरिया और कुछ दक्षिणी सीरिया में स्थित सैन्य ठिकानों को भी निशाना बनाया है। इजराइल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू के कार्यालय की ओर से सैना के मुख्यालय स्थित ऑपरेशन सेंटर की तस्वीर को जारी किया है।
सोशल मीडिया पर आई खबरों से पता चला है कि ईरान की राजधानी तेहरान के पास कम से कम पांच विस्फोट हुए हैं। हालांकि, इन घटनाओं के बारे में ईरानी अधिकारियों की ओर से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया नहीं आई है।
मध्य पूर्व में तनाव बढ़ गया है, खासकर ईरान, लेबनान के हिजबुल्लाह और यमन के हौथियों के शामिल होने के बाद, जिन्हें हमास के शुरुआती हमलों के बाद ईरान का प्रॉक्सी माना जाता है।
पिछले साल 7 अक्टूबर से संघर्ष और बढ़ गया है, जब हमास ने इजरायल के खिलाफ एक बड़ा हमला किया, जिससे अतिरिक्त क्षेत्रीय खिलाड़ी इसमें शामिल हो गए। ईरानी सेना ने 1 अक्टूबर को इजरायल पर लगभग 200 बैलिस्टिक मिसाइलों को दागकर सीधे युद्ध में प्रवेश का ऐलान किया।
इस हमले के बाद इजरायल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने अन्य वरिष्ठ अधिकारियों के साथ मिलकर तेहरान के खिलाफ जवाबी कार्रवाई का वादा किया। जिसके बाद हमास नेता याह्या सिनवार सहित प्रमुख हस्तियों की हत्या हुई। जिसके बाद ईरान ने इजरायल के खिलाफ बदला लेने की धमकी दी।












Click it and Unblock the Notifications