बांग्लादेश: होली के दिन ढाका के ISKCON मंदिर पर हमला, कीमती सामान लूटा
नई दिल्ली, 18 मार्च: भारत के पड़ोसी बांग्लादेश में भी हिंदू मंदिरों पर हमले रुकने का नाम नहीं ले रहे हैं। गुरुवार को राजधानी ढाका में स्थित ISKCON राधाकांता मंदिर पर उपद्रवियों की भीड़ ने हमला किया। इसके बाद उन्होंने वहां पर जमकर तोड़फोड़ की और अंदर रखा कीमती सामान लूट लिया। घटना में शामिल लोगों की पहचान तो हो गई है, लेकिन अभी तक स्थानीय पुलिस ने इस पर कोई कार्रवाई नहीं की है।

जानकारी के मुताबिक मंदिर ढाका के वारी में 222 लाल मोहन साहा स्ट्रीट पर स्थित है। गुरुवार शाम को हाजी सैफुल्लाह की अगुआई में सैकड़ों लोगों ने मंदिर के ऊपर हमला कर दिया। साथ ही वहां पर रखे सामानों को तोड़ डाला। इस दौरान मंदिर में मौजूद लोगों के साथ मारपीट की गई। जिस वजह से कई लोग घटना में घायल बताए जा रहे हैं। घटना के काफी देर बाद पुलिस इलाके में पहुंची और उपद्रवियों को भगाया। अभी तक आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई नहीं होने से बांग्लादेशी हिंदुओं में रोष व्याप्त है।
मामले में इस्कॉन कोलकाता के उपाध्यक्ष राधारमण दास ने कहा कि ये हमले गंभीर चिंता का विषय हैं। हम बांग्लादेश सरकार से सख्त कार्रवाई करने और देश में हिंदू अल्पसंख्यकों को सुरक्षा प्रदान करने का अनुरोध करते हैं।
पहले भी हुए थे हमले
आपको बता दें कि बांग्लादेश में मंदिरों पर हमला कोई नई बात नहीं है। पिछले 9 साल में वहां पर 3679 बार अल्पसंख्यकों को निशाना बनाया गया। इसमें 1678 मामले धार्मिक स्थलों में तोड़फोड़ के थे। साथ ही हिंदुओं के घरों को भी निशाना बनाया। अभी पिछले साल नवरात्रि में कुछ अराजक तत्वों ने दुर्गा पूजा पंडालों को लेकर अफवाह फैलाई थी। जिसके बाद हिंदुओं के मंदिरों और घरों को निशाना बनाया गया। उस दौरान भी ढाका के ISKCON मंदिर उपद्रवियों ने हमला किया था।












Click it and Unblock the Notifications