ISIS तैयार कर रहा है नई पलटन, लड़ाकू जेट उड़ाना सीख रहे हैं आतंकी
बेरुत। आतंकी संगठन आईएसआईएस से संबंधित कई खतरनाक तथ्य सामने आ रहे हैं। सीरिया के सीमावर्ती क्षेत्र कोबाने पर खुद को ढ़ीला पाते हुए आतंकी अब खुद को और मजबूत करने की सख्त तैयारियां कर रहा है। जानकारी के मुताबिक, इस्लामिक स्टेट अपने आतंकियों को लड़ाकू विमान उड़ाने की ट्रेनिंग दे रहा है।

कुछ दिनों पहले इराकी सरकार ने जानकारी दी थी कि आईएसआईएस ने इराक में मौजूद लगभग 2,500 रासायनिक हथियारों पर कब्जा कर लिया है। जिसे इस्तेमाल करना यदि आतंकियों ने सीख लिया तो कई देशों के लिए खतरे वाली बात है।
वहीं, ताजा रिपोर्ट के मुताबिक, इस्लामिक स्टेट ने तीन लड़ाकू विमानों पर भी कब्जा कर लिया है। पिछले कई महीनों से जारी जंग पर नजर रख रहे एक पर्यवेक्षक समूह ने इसकी जानकारी दी। समूह के अनुसार, इराकी वायुसेना के कुछ पूर्व पायलट्स आतंकियों को फाइटर जेट्स उड़ाने की ट्रेनिंग भी दे रहे हैं।
गौरतलब है कि अमेरिका के नेतृत्व में इस्लामिक स्टेट ठिकानों पर हवाई हमले किए जा रहे हैं। जिसमें कई अरब देश भी शामिल हैं। लिहाजा, आईएसआईएस अब खुद को ताकतवर बनाने के लिए नए कदम उठा रहा है।
सीरियन ऑब्जर्वेट्री फॉर ह्यूमन राइट्स के रमी अब्दुलरहमान ने कहा कि, यह शायद पहली बार है कि आतंकी लड़ाकू विमान उड़ना सीख रहे हैं। उन्होंने कहा कि, यह काफी गंभीर बात है। उनके पास प्रशिक्षक हैं। सद्दाम हुसैन के समय में इराकी सेना में रह चुके पायलट्स आतंकियों को ट्रेनिंग दे रहे हैं। यह ट्रेनिंग अलेप्पो के अल-जर्राह मिलिट्री एयरपोर्ट पर दिया जा रहा है। कई लोगों ने मिलिट्री एयरबेस से लड़ाकू विमानों को उड़ान भरते देखा। उस बेस पर आतंकियों का कब्जा हो चुका है। " गौरतलब है कि यह जगह तुर्की बॉर्डर से करीब 70 किलोमीटर दूर है।
हालांकि, किसी भी समाचार एजेंसी ने इन खबरों की पुष्टि नहीं की है। यूएस सेंट्रल कमांड ने भी कहा कि उन्हें इस बारे में कोई जानकारी नहीं है।












Click it and Unblock the Notifications