ईरान के सुप्रीम लीडर ने इजराइल को दी अंजाम भुगतने की धमकी, कहा- सीरिया में हमले की माफी नहीं मिलेगी
इजराइल और फिलिस्तीन के बीच बीते 6 महीनों से जंग जारी है। 7 अक्टूबर से जारी इस जंग में अब तक 33 हजार फिलिस्तीनी मारे जा चुके हैं। इजराइल को भी इस जंग में काफी नुकसान हुआ है। इसके बाद भी यह जंग थमने का नाम नहीं ले रही है, उल्टे इस जंग के विस्तार का खतरा बढ़ता जा रहा है।
इस बीच ईरान के सुप्रीम लीडर अयातुल्ला अली खामेनेई ने सीरिया में ईरानी जनरलों की मौत का बदला लेने की कसम खाई है। खामेनेई ने बुधवार को कहा कि सीरिया में ईरानी दूतावास परिसर पर हमला करने के लिए इजराइल को सजा दी जानी चाहिए और ऐसा ही किया जाएगा।

खामेनेई ने मुसलमानों के पवित्र महीने रमजान के अंत के अवसर पर एक भाषण में कहा, "जब वे विदेशों में हमारे दूतावास पर हमला करते हैं, तो ऐसा लगता है जैसे उन्होंने हमारी जमीन पर हमला किया है।" खामेनेई ने आगे कहा कि इजराइल ने बड़ी गलती कर दी है और उसे उसका अंजाम भुगतना होगा।
खामेनेई की धमकी के जवाब में अब इजराइल की भी प्रतिक्रिया आई है। इजराइल के विदेश मंत्री इजराइल काट्ज ने कहा कि अगर ईरान अपनी धरती से इजराइल पर हमला करता है तो उसे इसका जवाब दिया जाएगा। काट्ज़ ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक पोस्ट में कहा, कि यदि ईरान की जमीन से उस पर अटैक हुआ तो हम भी घुसकर हमला करेंगे।
आपको बात दें कि इजराइल ने पिछले दिनों सीरिया में ईरान के कौंसुलेट पर एक हवाई हमला किया था। इसमें ईरान के टॉप जनरल समेत 12 लोग मारे गए थे। इस हमले के बाद से ही ईरान नाराज है। उसने अमेरिका तक को धमकी देते हुए कहा है कि वह इस मामले से दूर रहे। वहीं, इजराइल का कहना है कि उसका सीरीया में हुए हमले से कोई ताल्लुक नहीं है।
कुछ मीडिया रिपोर्ट्स में बताया गया है कि ईरान के हमले को लेकर ईजराइल चौकन्ना हो गया है। इजराइल अपने फाइटर पायलट्स को ईरान के संवेदनशील साइट पर हमला करने की ट्रेनिंग दे रहा है। इसमें तेहरान का परमाणु प्रोग्राम भी शामिल हो सकता है। Elaph News की रिपोर्ट के मुताबिक इजराइल अरक हैवी वाटर रिएक्टर, बुशहर न्यूक्लियर पावर स्टेशन, गाचिन यूरेनियम खदान और नातांज यूरेनियम एनरिचमेंट फैसिलिटी जैसे ठिकाने पर हमला कर सकता है।












Click it and Unblock the Notifications