Iran के सर्वोच्च नेता खामेनेई की सुरक्षा चक्रव्यूह टूटा! सलाहकार शामखानी को Israel ने मार गिराया
Israel Iran war: ईरान के सर्वोच्च नेता अयातुल्ला अली खामेनेई(Ali Khamenei) के वरिष्ठ सलाहकार अली शामखानी की शुक्रवार को इज़राइल के प्रारंभिक हवाई हमलों में गंभीर रूप से घायल होने के बाद मौत हो गई। ईरानी सरकारी मीडिया ने शनिवार को उनकी मौत की पुष्टि की। यह हमला अब तक के सबसे घातक और लक्षित इज़रायली हमलों में से एक माना जा रहा है, जिसने ईरान के सैन्य और राजनीतिक नेतृत्व को गहरा झटका दिया है।
अली शामखानी, जो दशकों से ईरानी राजनीति और रक्षा नीति के केंद्र में रहे हैं, करीब 10 वर्षों तक राष्ट्रीय सुरक्षा प्रमुख रहे। 2023 में उन्होंने यह पद छोड़कर सर्वोच्च नेता खामेनेई के विशेष सलाहकार की भूमिका संभाली थी।

48 घंटे में ईरान के 20 से ज़्यादा शीर्ष अधिकारी मारे गए
इज़रायली रक्षा बलों (IDF) के अनुसार, इन हमलों में 20 से अधिक वरिष्ठ ईरानी सैन्य अधिकारी मारे गए, जिनमें कई बड़े नाम शामिल हैं
- रिवोल्यूशनरी गार्ड्स के प्रमुख मेजर जनरल होसैन सलामी
- सशस्त्र बलों के प्रमुख मेजर जनरल मोहम्मद बाघेरी
- आपातकालीन कमान प्रमुख मेजर जनरल गोलाम अली राशिद
IRGC ने इन अधिकारियों की मौत की पुष्टि की
इसके साथ ही इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स (IRGC) एयरोस्पेस फोर्स के कमांडर ब्रिगेडियर जनरल अमीर अली हाजीज़ादेह भी मारे गए, जो ईरान की मिसाइल और ड्रोन रणनीति के प्रमुख थे। रिपोर्ट के अनुसार, जब यह हमला हुआ तब वे और उनके कई शीर्ष सहयोगी एक भूमिगत कमांड सेंटर में इज़राइल पर जवाबी हमले की तैयारी कर रहे थे। ईरानी सशस्त्र बलों की खुफिया इकाई के प्रमुख, गोलाम-रेज़ा मरहबी भी इन हमलों में मारे गए।
ईरान को दशकों में सबसे बड़ा सैन्य नुकसान
यह हमले ईरान के लिए दशकों में सबसे बड़ा सैन्य नुकसान माने जा रहे हैं। इज़राइली अधिकारियों का कहना है कि इन हमलों से ईरान की युद्ध छेड़ने और परमाणु कार्यक्रम को आगे बढ़ाने की क्षमता को गंभीर रूप से नुकसान पहुंचा है। ये हमले उस समय हुए हैं जब ईरान ने पिछले साल अप्रैल और अक्टूबर में इज़राइल पर ड्रोन और मिसाइल हमले किए थे।
ईरान का इज़राइल पर बैलिस्टिक मिसाइलों की बौछार
इन हमलों के जवाब में, ईरान ने शुक्रवार रात और शनिवार सुबह इज़राइल पर तीन प्रमुख बैलिस्टिक मिसाइल हमले किए। इससे पूरे देश में सायरन बजने लगे और नागरिकों को बंकरों और सुरक्षित स्थानों की ओर भागना पड़ा। इन हमलों में कई लोगों की मौत हो गई और दर्जनों घायल हुए हैं।
इज़राइल में शीर्ष नेताओं की सुरक्षा बढ़ाई गई
ईरान द्वारा संभावित प्रतिशोध को देखते हुए, इज़राइली आंतरिक सुरक्षा एजेंसी शिन बेट ने प्रधानमंत्री, रक्षा और खुफिया विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों की सुरक्षा कड़ी कर दी है। Ynet न्यूज साइट के अनुसार, सुरक्षा बढ़ाने के लिए विशेष तैनाती और ऑपरेशनल योजनाएं लागू की गई हैं। चिंता जताई जा रही है कि ईरान या उसके सहयोगी संगठन, इज़राइली नेतृत्व को निशाना बना सकते हैं।
ये भी पढ़ें Iran Israel War: बेगानी शादी में अब्दुल्ला दीवाना, पाकिस्तान के रक्षा मंत्री ने ईरान को दिया मदद का वादा












Click it and Unblock the Notifications