इस देश में स्ट्रीट डांस कर रहा था ब्लॉगर कपल, पकड़े जाने पर भेजे गये 10 सालों के लिए जेल
ईरान में महिलाओं के पास काफी कम अधिकार हैं और इस्लामिक शासन लगातार उनके अधिकारों में कटौती कर रहा है। ईरान में 22 साल की कुर्द लड़की महसा अमीनी की मौत के बाद पिछले साल सितंबर से ही विरोध प्रदर्शन किए जा रहे हैं।

Iran Sentenced Blogger couple: ईरान की इस्लामिक सरकार ने लोगों को स्वतंत्रता के साथ जीना मुहाल कर दिया है। इस मुस्लिम देश में महिलाओं के साथ इतनी ज्यादती की जाती है, कि देखने वाले लोग सिहर उठें। ईरान में पिछले साल सितंबर महीने से हिजाब के खिलाफ प्रदर्शन चल रहा है, जबकि ईरान की सरकार अभी भी अपने खौफनाक रवैये से बाज नहीं आ रही है। हाल ही में स्ट्रीट डांस करने वाले एक जोड़े को 10 सालों की सजा सुनाई गई है।

ब्लॉगर कपल को 10 सालों की सजा
राष्ट्रपति इब्राहिम रायसी के शासनकाल में ईरान में लोगों की स्वतंत्रता की धज्जियां उड़ा दी गई हैं और हाल ही में देश में महिला जीवन स्वतंत्रता क्रांति के समर्थन में सड़कों पर डांस करने के आरोप में एक ईरानी जोड़े को साढ़े 10 साल की जेल की सजा सुनाई गई है। इस ब्लॉगल युगल का नाम अस्तियाज़ हघीघी (21) और अमीर मोहम्मद अहमदी (22) है, जिन्होंने ईरान की राजधानी तेहरान में फ्रीडम स्क्वायर में स्ट्रीट डांस करते हुए खुद का एक वीडियो सोशल मीडिया पर शेयर किया था, जिसके बाद इस्लामिक सरकार फौरन हरकत में आ गई और इस जोड़े को गिरफ्तार कर लिया गया।

10 नवंबर को हुई थी गिरफ्तारी
ईरानी मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, हागिगी और अहमदी को कथित तौर पर पिछले साल 10 नवंबर को गिरफ्तार किया गया था। उन्होंने ईरान में चल रहे विरोध प्रदर्शनों का समर्थन करने के लिए स्ट्रीट डांस किया था, जिसमें औरतों की आजादी का समर्थन किया गया था। ये ईरानी कपल पिछले साल सितंबर में पुलिस हिरासत में मारी गई 22 वर्षीय कुर्द महिला महसा अमिनी की मौत के खिलाफ चल रहे प्रदर्शन का समर्थन कर रहे थे। ईरानी मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, जेल की सजा के अलावा, प्रेमी युगल पर साइबरस्पेस का उपयोग करने के लिए दो साल का प्रतिबंध लगाया गया है, और स्ट्रीट डांस करने को लेकर ईरान छोड़ने पर दो सालों का प्रतिबंध भी लगाया गया है। ईरान की सरकार ने इस प्रेमी युगल पर "भ्रष्टाचार और सार्वजनिक वेश्यावृत्ति को प्रोत्साहित करने" का आरोप लगाया था।
डांस करने पर लगाए गये खतरनाक आरोप
इस प्रेमी युगल को सिर्फ स्ट्रीट डांस करने की वजह से ईरान में वेश्यावृति को बढ़ाने के अपराध में प्रेम किया गया। इसके अलावा हाघी और उसके मंगेतर पर "राष्ट्रीय सुरक्षा को बाधित करने और प्रोपेगेंडा को बढ़ावा देने के इरादे से मिलीभगत" करने का भी आरोप लगाया गया था। आपको बता दें, कि महसा अमिनी को पिछले साल 13 सितंबर को गिरफ्तार किया गया था और ईरान की मोरल पुलिस ने कहा था, कि महास अमीनी ने सही तरीके से हिजाब नहीं पहना था।

पुलिस हिरासत में मौत
ईरानी पुलिस ने कहा था, कि हिजाब पहनने के बाद भी महसा अमीनी के सिर के कुछ बाल दिख रहे थे और इसीलिए उसे गिरफ्तार किया गया था। हालांकि, 16 सितंबर को महसा अमीनी की मृत्यु के बाद, ईरानी सरकार ने इस बात से इनकार किया था, कि उस पर हमला किया गया था और उसने अमेरिका और इज़राइल पर पूरे ईरान में विरोध प्रदर्शन करने का आरोप लगाया था। महसा अमीनी की मौत के बाद ईरान में बड़े पैमाने पर विरोध प्रदर्शन शुरू हो गए, जिसमें बताया गया कि विद्रोह के दौरान 68 बच्चों सहित कम से कम 479 लोग मारे गए हैं। ये विरोध प्रदर्शन अभी भी चल ही रहा है।












Click it and Unblock the Notifications