सेटेलाइट कंट्रोल्ड मशीनगन से की गई शीर्ष परमाणु वैज्ञानिक की हत्या, ईरान के कमांडर का दावा
तेहरान। ईरान के शीर्ष वैज्ञानिक मोहसिन फखरीदाजेह की हत्या किसने की ये सवाल अभी तक पहेली बना हुआ है। अब ईरान ने कहा है कि शीर्ष वैज्ञानिक की हत्या में हाईटेक और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस का इस्तेमाल किया गया था। ईरान का दावा है कि शीर्ष वैज्ञानिक की हत्या जिस मशीनगन से की गई थी उसे सेटेलाइट से कंट्रोल किया जा रहा था।

ईरान के रिवॉल्युशनरी गार्ड रीयर एडमिरन अली फलादवी ने बताया कि मोहसिन फखरीजादेह को जिस मशीनगन से निशाना बनाया गया था वह बेहद ही सटीक निशाने वाली थी। मशीनगन से 13 गोलियां चलाई गई थीं लेकिन उनकी बगल में ही बैठी पत्नी को एक भी गोली नहीं लगी थी।
ऑनलाइन कंट्रोल की जा रही थी गन
उन्होंने मेहर न्यूज एजेंसी को बताया कि "हथियार को एक सेटेलाइट के जरिए ऑनलाइन सिस्टम से कंट्रोल किया जा रहा था। लक्ष्य (फखरीदाजेह) को निशाना बनाने के लिए उन्नत कैमरा और आर्टिफिशिएल इंटेलिजेंस का इस्तेमाल किया गया।"
फखरीजादेह की 27 नवम्बर को राजधानी तेहरान के बाहर हाईवे पर गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। इस दौरान उनके साथ 11 बॉडीगार्ड मौजूद थे लेकिन फिर भी उन्हें बचा नहीं सके। फखरीजादेह को ईरान के परमाणु कार्यक्रम का प्रमुख आर्किटेक्ट माना जाता था। उनकी हत्या के लिए ईरानी शासन ने इजरायल को जिम्मेदार ठहराया था और बदला लेने की बात कही थी। वहीं इजरायल ने इस घटना की न तो जिम्मेदारी ली है और न ही इससे इनकार किया है।
एक न्यूज एजेंसी ने किया था ऐसा ही दावा
इसके पहले ईरान की एक न्यूज एजेंसी ने भी किसी ऐसे ही दूर से कंट्रोल किए जाने वाले हथियार से शीर्ष वैज्ञानिक की हत्या का दावा किया था। तब कहा गया था कि रिमोट कंट्रोल्ड गन से उनकी हत्या की गई थी। न्यूज एजेंसी ने अपनी रिपोर्ट में कहा था कि एक दूसरी कार में मशीनगन को रिमोट से चलाया जा रहा था। हाईवे पर फखरीजादेह को गाड़ी पर गोली चलने की आवाज सुनाई दी। जिसके बाद वह गाड़ी से उतरे तभी उन्हें निशाना बना दिया गया। जिस कार से उन्हें निशाना बनाया गया उसमें ब्लास्ट हो गया था। वहीं अब ईरान के प्रशासन ने भी हत्या के पीछे किसी इंसान के मौजूद न होने की बात कही है। हालांकि ईरान ने कहा है कि हत्या में सेटेलाइट कंट्रोल्ड हथियार का इस्तेमाल किया गया था।
सुरक्षा तंत्र में चूक
वहीं ईरान के पूर्व रक्षा मंत्री हुसैन देहगान ने सरकारी टीवी से बातचीत में कहा था कि फखरीदाजेह की हत्या ईरान की सुरक्षा में घुसपैठ के चलते हुई थी। लेकिन उनके साथ मौजूद गार्ड की रिपोर्ट में कहा गया है इस ऑपरेशन को हाईटेक और रिमोट कंट्रोल्ड गन से अंजाम दिया गया था। इस घटना को अंजाम देने के लिए मौके पर कोई हत्यारा मौजूद नहीं था।












Click it and Unblock the Notifications