इज्जत भी बच गई, इजराइल को नुकसान भी न हुआ... ईरान ने अमेरिका से ‘परमिशन’ लेकर किया था हमला?
मिडिल ईस्ट में 7 अक्टूबर को इजराइल-हमास जंग की शुरुआत हुई थी। अब 6 महीने बाद इस जंग में ईरान के रूप में एक नया चैप्टर जुड़ गया है। ईरान ने पहली बार इजराइल पर सीधा हमला किया है।
शनिवार देर रात ईरान ने बड़े पैमाने पर इजराइल पर ड्रोन और मिसाइलों से हमले किए है। मीडिया रिपोर्ट्स में दावा किया गया कि ईरान ने इजराइल पर 300 से अधिक ड्रोन और मिसाइलों से हमला किया।

इस बीच ईरान ने दावा किया है कि उसने पहले ही अमेरिका और अन्य पश्चिमी देशों को इसकी जानकारी दे दी थी। ईरान के विदेश मंत्री अमीराब्दुल्लाहियान ने रविवार को कहा कि तेहरान ने 72 घंटे पहले ही अपने दोस्तों और पड़ोसी देशों को इसकी जानकारी दे दी थी।
उन्होंने कहा कि हमने उन्हें कह दिया था कि ईरान की इजराइल के खिलाफ कार्रवाई 'निश्चित', 'अटल' और 'वैध' है। ईरान के विदेश मंत्री अमीरबदोल्लाहियान ने कहा कि तेहरान ने अमेरिका को सूचित किया था कि इजराइल पर ईरान के हमले 'सीमित' होंगे और 'आत्मरक्षा' में होंगे।
इज्जत भी बच गई, नुकसान भी कम हुआ...
जाहिर है कि अमेरिका ने मिली सूचना के बाद इजराइल को पहले ही सतर्क कर दिया था। इसके बाद ईरान ने अपने वादे के अनुरूप इजराइल पर गोले बरसाए लेकिन यहूदी मुल्क के एडवांस डिफेंस सिस्टम पहले से ही इसके लिए तैयार थे। ऐसा कर ईरान ने अपना वादा भी पूरा कर लिया और इजराइल में बहुत तबाही भी नहीं हुई।
आपको बता दें कि इजराइल पर हमले को ईरान ने 'ऑपरेशन ट्रू प्रॉमिस' नाम दिया है। ईरान ने 'ऑपरेशन ट्रू प्रॉमिस' नाम दिया ताकि वह दुनिया को बता सके कि उसका वादा झूठा नहीं सच्चा है। आपको बता दें कि 1 अप्रैल को सीरिया में ईरानी दूतावास पर हमला हुआ था। इसमें ईरान के 2 टॉप अधिकारी अन्य लोग मारे गए थे। इस हमले के बाद ईऱान ने बदला लेने की कसम खाई थी।
इस बीच इजराइल पर हमले के बाद ईरान में जश्न का माहौल देखा गया। तेहरान में देर रात सैकड़ों लोग जुटे और मार्च निकाला। इस दौरान लोगों ने फिलिस्तीन के हथियारबंद संगठन हमास और लेबनान के हिजबुल्लाह के झंडे लहराए और 'इजरायल मुर्दाबाद' और 'अमेरिका मुर्दाबाद' के नारे लगाए।
इस बीच ईरानी आक्रमण पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए भारत में इजरायली राजदूत नाओर गिलोन ने कहा कि जब लोग उन पर हमला करते हैं तो उनका देश चुप नहीं बैठ सकता।












Click it and Unblock the Notifications