Elnaz Rekabi: हिजाब पहने बिना खेलने उतरी ईरानी महिला खिलाड़ी, अब रहस्यमयी ढंग से हो गई गायब
एल्नाज रेकाबी बिना हिजाब के दक्षिण कोरिया में हिस्सा लेने के बाद लापता हो गई हैं। ईरानी पर्वतारोही एल्नाज रेकाबी ने रविवार को दक्षिण कोरिया में एक अंतरराष्ट्रीय कार्यक्रम में बिना हिजाब पहने अपने देश का प्रतिनिधित्व किया
एल्नाज रेकाबी बिना हिजाब के दक्षिण कोरिया में हिस्सा लेने के बाद लापता हो गई हैं। ईरानी पर्वतारोही एल्नाज रेकाबी ने रविवार को दक्षिण कोरिया में एक अंतरराष्ट्रीय कार्यक्रम में बिना हिजाब पहने अपने देश का प्रतिनिधित्व किया था। इसके बाद से वह गायब चल रही हैं। रेकाबी के लापता होने को लेकर अलग-अलग प्रकार के दावे किए जा रहे हैं। ऐसा कहा जा रहा है कि देश में ईरानी कट्टपरथंयों के डर से रेकाबी जानबूझकर गायब हो गई है, वहीं कुछ मीडिया रिपोर्ट में यह दावा किया जा रहा है कि रेकाबी को हिरासत में ले लिया गया है।

द. कोरिया ने पुष्टि करने से किया इंकार
एक न्यूज की एक रिपोर्ट के अनुसार, 33 वर्षीय रेकाबी ईरान के इस्लामी गणराज्य के अनिवार्य हिजाब नियम को नहीं मानने वाली दूसरी महिला एथलीट हैं। निजता संबंधी नियमों का हवाला देते हुए दक्षिण कोरिया के न्याय मंत्रालय ने इस बात की पुष्टि से इनकार कर दिया है कि अभी ईरानी एथलीट द. कोरिया में हैं या तेहरान को निकल चुकी हैं। इसके साथ ही दक्षिण कोरिया के विदेश मंत्रालय ने यह भी कहा है कि मामले पर वह किसी तरह का बयान नहीं देगा। रेकाबी ने तीन बार एशियाई चैंपियनशिप में हिस्सा लिया और एक सिल्वर व दो ब्रॉन्ज मेडल जीते हैं। वह ifsc world championships में पदक जीतने वाली पहली ईरानी महिला हैं।

बिना हिजाब के अंतराष्ट्रीय प्रतियोगिता में लिया हिस्सा
एल्नाज रेकाबी ने ईरानी शासन के खिलाफ खुलेआम विरोध किया था और सियोल में एशियाई स्पोर्ट क्लाइंबिंग चैंपियनशिप में बिना हिजाब के भाग लिया था। रेकाबी क्लाम्बिंग चैंपियनशिप में चौथे नंबर पर रही लेकिन हिजाब न पहनने के उनके फैसले को ईरानी शासन के विरोध के संकेत के रूप में देखा गया और इसे प्रचारित किया गया। द गार्जियन की खबर के मुताबिक अब रेकाबी के करीबी दोस्त उनसे संपर्क नहीं कर पा रहे हैं। बीबीसी ने सूत्रों के हवाले दावा किया है कि तेहरान जा रही रेकाबी का पासपोर्ट और मोबाइल उनके विमान में चढ़ने से पहले जब्त कर लिया गया था।
ईरानी दूतावास ने गलत करार दिया
हालांकि द. कोरिया स्थित ईरानी दूतावास ने रेकाबी के गायब होने और उनके हिजाब न पहनने की घटना को गलत करार दिया है। ईरानी दूतावास ने कहा कि वह ऐसे नकली, झूठी और दुष्प्रचार से भरी खबरों का दृढ़ता से खंडन करता है। द. कोरिया में मौजूद ईरानी दूतावास ने कहा कि रेकाबी ने मंगलवार को सियोल से उड़ान भरी है। इसके साथ ही ईरानी दूतावास ने रेकाबी की एक तस्वीर भी लगाई है। इस तस्वीर में रेकाबी हिजाब पहने नीले कपड़े में नजर आ रही है। बता दें कि ईरान की ओर से आने वाली सभी एथलीट बगैर हिजाब देश के बाहर किसी प्रतियोगिता में शामिल नहीं होतीं हैं।

महिसा अमिनी की मौत से शुरू हुआ प्रदर्शन
इससे पहले ईरान में 16 सितंबर को मोरल पुलिस की हिरासत में 22 वर्षीय युवती महसा अमिनी (Mahsa Amini) की मौत हो गई थी। युवती को हिजाब के कानून का उल्लंघन करने के आरोप में गिरफ्तार किया गया था। इसके बाद से ईरान में हिजाब के खिलाफ प्रदर्शन जारी है और यह पांचवां हफ्ता है। अब तक 150 से अधिक लोग इस विरोध प्रदर्शन में अपनी जान गंवा चुके हैं।












Click it and Unblock the Notifications