Maldives Tourism: मालदीव छोड़ अब श्रीलंका घूमने जा रहे भारतीय पर्यटक, मुइज्जू की ऐंठन पर लगेगी लगाम?
मालदीव को भारत से दुश्मनी अब महंगी पड़ रही है। इस द्वीपीय देश की आय का एक बड़ा हिस्सा पर्यटन से आता है मगर भारत-मालदीव के बीच राजनयिक विवाद के बाद ज्यादातर भारतीय पर्यटक श्रीलंका का रुख करते दिख रहे हैं।
4 साल बाद विदेशी पर्यटकों के मामले में श्रीलंका अब मालदीव से आगे निकल गया हैं। ताजा आंकड़ों के मुताबिक श्रीलंका में सबसे ज्यादा संख्या भारतीय पर्यटकों की रही, भारतीय पर्यटक अब मालदीव से दूरी बनाने लगे हैं।

मालदीव के आउटलेट अधाधु ने बताया कि जनवरी 2024 में श्रीलंका में मालदीव की तुलना में अधिक पर्यटक आए। आउटलेट ने बताया कि लॉकडाउन के बाद श्रीलंका मालदीव की तुलना में पर्यटन में काफी पिछड़ गया है लेकिन हालिया विवाद का उसे खूब फायदा पहुंचता दिख रहा है।
आंकड़े बताते हैं कि जनवरी महीने में भारत से श्रीलंका आने वाले पर्यटकों की संख्या 100 फीसदी तक बढ़ गई है। रिपोर्ट के मुताबिक जनवरी महीने में 192,385 पर्यटकों ने मालदीव का दौरा किया, जबकि इसी अवधि में 208,253 पर्यटकों ने श्रीलंका का दौरा किया। ये जनवरी 2023 की तुलना में 1 लाख से भी अधिक है।
जनवरी में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और भारत के खिलाफ मालदीव के मंत्रियों की कुछ टिप्पणियों के बाद माले और नई दिल्ली के बीच विवाद शुरू हो गया था। इस पर भारतीय पर्यटकों ने तीखी प्रतिक्रिया व्यक्त की और 'मालदीव का बहिष्कार' अभियान शुरू कर दिया था।
श्रीलंका में भारतीय टूरिस्टों की संख्या 13,759 से बढ़कर 34,399 तक पहुंच गई। अगर साल 2023 की बात करें तो जनवरी महीने में 17,029 भारतीय पर्यटक मालदीव पहुंचे थे, वहीं इस साल जनवरी 2024 में महज 15,006 टूरिस्ट ही मालदीव पहुंचे।
जनवरी 2024 में भारत से 34,399, रूस से 31,159, ब्रिटेन से 16,665, जर्मनी से 13,593 चीन से 11,511 पर्यटक श्रीलंका पहुंचे हैं। वहीं मालदीव टूरिस्ट मार्केट की बात करें तो एक बार फिर से चीन पहले नंबर पर पहुंच गया है। पिछले साल जहां भारत इस लिस्ट में पहले नंबर पर था अब वह खिसक कर पांचवें स्थान पर चला गया है।
मालदीव पर्यटन मंत्रालय द्वारा प्रकाशित आंकड़ों के अनुसार, मालदीव में 1 जनवरी से 4 फरवरी तक चीन से 23,900 पर्यटक पहुंचे थे। यह आने वाले पर्यटकों की कुल संख्या का 11 प्रतिशत है। सूची में दूसरे स्थान पर रूस है, जहां से लगभग 22,000 टूरिस्ट पहुंचे।
इटली से आने वालों की संख्या लगभग 21,000 थी। ब्रिटेन से लगभग 18,000 टूरिस्ट मालदीव पहुंचे हैं वहीं पांचवें नंबर पर इस सूची में भारत है जहां से लगभग 16,000 लोग रविवार तक मालदीव पहुंचे हैं।
आपको बता दें कि हाल ही में भारत के विदेश मंत्री एस जयशंकर ने भी भारतीय पर्यटकों से श्रीलंका जाने की अपील की थी। भारतीयों के बॉयकाट के बाद मालदीव के राष्ट्रपति मोहम्मद मुइज्जू ने चीन की यात्रा के दौरान चीनी सरकार से मालदीव में और चीनी पर्यटकों को भेजने का आग्रह किया था।












Click it and Unblock the Notifications