US Midterms: अमेरिका में कितने भारतीय जीते चुनाव? रो खन्ना से पिया दांडिया तक कौन हैं ये भारतवंशी?

अमेरिकी मिडटर्म चुनाव 2026 में भारतीय मूल के राजनेताओं ने अपना जबरदस्त परचम लहराया है। संसद से लेकर राज्य सरकारों के अहम पदों पर डेमोक्रेटिक पार्टी से जुड़े भारतवंशी उम्मीदवारों ने शानदार जीत दर्ज की है। कैलिफोर्निया, वॉशिंगटन, वर्जीनिया और फ्लोरिडा में जहां भारतीय मूल के नेताओं ने इतिहास रचा, वहीं ओहायो के गवर्नर पद की दौड़ में रिपब्लिकन पार्टी के एक प्रमुख भारतवंशी चेहरे को करारी शिकस्त झेलनी पड़ी है।

मैरीलैंड की लेफ्टिनेंट गवर्नर अरुणा मिलर और वर्जीनिया के सांसद सुहास सुब्रमण्यम ने भी दोबारा जीत हासिल की है। दूसरी तरफ, रिपब्लिकन नेता विवेक रामास्वामी ओहायो के गवर्नर चुनाव में डेमोक्रेटिक उम्मीदवार एमी एक्टन से पीछे रह गए और उन्हें हार का सामना करना पड़ा। ऐसे में सवाल है कि इस चुनाव में कितने भारतीय मूल के नेताओं को जीत मिली? कौन-कौन फिर से चुना गया और किसने पहली बार इतिहास बनाया? आइए, एक-एक करके जानते हैं।

Indian-Origin Candidates Shine in US Midterms 2026 Who Won and Who Lost

1. कैलिफोर्निया में रो खन्ना की लगातार छठी जीत (Ro Khanna)

कैलिफोर्निया के 17वें संसदीय क्षेत्र से डेमोक्रेटिक पार्टी के रो खन्ना ने एक बार फिर से अपनी सीट बचा ली है। उन्होंने भारतीय मूल के ही रिपब्लिकन उम्मीदवार रितेश टंडन को शिकस्त दी। अमेरिकी समाचार एजेंसी एसोसिएटेड प्रेस ने भी खन्ना की इस जीत पर मुहर लगा दी है।

साल 2017 से अमेरिकी संसद के निचले सदन हाउस ऑफ रिप्रेजेंटेटिव्स का हिस्सा रहे रो खन्ना की यह लगातार छठी जीत है। वे चीन की आर्थिक नीतियों, वैश्विक व्यापार, टेक्नोलॉजी और आर्थिक असमानता जैसे अहम मुद्दों पर अपनी बेबाक राय के लिए जाने जाते हैं। रितेश टंडन इससे पहले भी 2020 और 2022 के चुनाव में रो खन्ना के खिलाफ दांव आजमा चुके थे, लेकिन उन्हें कामयाबी नहीं मिली।

2. प्रमिला जयपाल ने वॉशिंगटन से रचा इतिहास (Pramila Jayapal)

डेमोक्रेटिक नेता प्रमिला जयपाल ने वॉशिंगटन के 7वें संसदीय क्षेत्र से लगातार छठी बार जीत हासिल करके अपनी पकड़ साबित की है। चेन्नई में जन्मी प्रमिला जयपाल साल 2016 में पहली बार संसद पहुंची थीं और वे अमेरिकी हाउस ऑफ रिप्रेजेंटेटिव्स में जगह बनाने वाली पहली भारतीय-अमेरिकी महिला बनी थीं। संसद में प्रमिला जयपाल लगातार प्रवासियों के अधिकारों, महिलाओं की सुरक्षा और सार्वभौमिक स्वास्थ्य सुविधाओं की मांग को लेकर आवाज उठाती रही हैं।

3. फ्लोरिडा में पिया दांडिया का ऐतिहासिक कारनामा (Pia Dandiya)

डेमोक्रेटिक उम्मीदवार पिया दांडिया ने फ्लोरिडा के 22वें कांग्रेसनल डिस्ट्रिक्ट से शानदार जीत दर्ज की है। उन्होंने रिपब्लिकन प्रतिद्वंद्वी केसी असकर को कड़े मुकाबले में मात दी। पिया को 51.9% वोट मिले, जबकि असकर को 48.1% वोट ही मिल सके।

इस जीत के साथ ही पिया दांडिया फ्लोरिडा से अमेरिकी हाउस ऑफ रिप्रेजेंटेटिव्स में चुनी जाने वाली पहली भारतीय-अमेरिकी बन गई हैं। साथ ही वे अमेरिकी संसद में पहुंचने वाली 10वीं भारतवंशी हैं। पाम बीच काउंटी में जन्मी पिया पूर्व में व्हाइट हाउस फेलो, हार्लेम में स्कूल प्रिंसिपल और एप्पल (Apple) जैसी दिग्गज कंपनी में काम कर चुकी हैं।

4. वर्जीनिया से सुहास सुब्रमण्यम की दोबारा संसद में एंट्री (Suhas Subramanyam)

वर्जीनिया के 10वें संसदीय क्षेत्र से डेमोक्रेट सुहास सुब्रमण्यम ने रिपब्लिकन उम्मीदवार डेव बेकविथ को करारी मात दी। सुहास को 63.16% (1,73,106 वोट) मिले, जबकि बेकविथ को सिर्फ 34.66% (94,990 वोट) पर ही संतोष करना पड़ा।

अपनी जीत के बाद सुहास सुब्रमण्यम ने मीडिया और सोशल मीडिया के जरिए कहा, "चुनाव प्रचार खत्म हो गया है, लेकिन असली काम अब शुरू होता है। मैं अपनी कम्युनिटी के साथ मिलकर वाशिंगटन में बदलाव लाने के लिए तैयार हूं।" पेशे से वकील सुहास पूर्व राष्ट्रपति बराक ओबामा के कार्यकाल में व्हाइट हाउस के टेक्नोलॉजी पॉलिसी एडवाइजर भी रह चुके हैं।

5. मैरीलैंड में अरूणा मिलर की डिप्टी गवर्नर पद पर वापसी

मैरीलैंड राज्य में गवर्नर वेस मूरे की अगुवाई वाली डेमोक्रेटिक टिकट ने जीत का परचम फहराया, जिसके साथ ही भारतीय मूल की अरूणा मिलर ने एक बार फिर डिप्टी गवर्नर (लेफ्टिनेंट गवर्नर) का पद सुरक्षित कर लिया। अरूणा मिलर साल 2022 में अमेरिका के किसी भी राज्य में लेफ्टिनेंट गवर्नर बनने वाली पहली दक्षिण एशियाई महिला बनी थीं। आंध्र प्रदेश में जन्मी अरूणा मिलर 7 साल की उम्र में अमेरिका आ गई थीं। वे राजनीति में आने से पहले सिविल और ट्रांसपोर्टेशन इंजीनियर के तौर पर काम करती थीं।

डोनाल्ड ट्रंप के करीबी विवेक रामास्वामी ओहायो में हारे

जहां एक तरफ डेमोक्रेट भारतवंशियों ने जीत का परचम लहराया, वहीं दूसरी तरफ रिपब्लिकन पार्टी के बड़े चेहरे 40 वर्षीय विवेक रामास्वामी को ओहायो के गवर्नर चुनाव में हार का सामना करना पड़ा है। डेमोक्रेटिक उम्मीदवार एमी एक्टन ने करीब 63% वोट हासिल कर रामास्वामी (34% वोट) को बड़े अंतर से पीछे छोड़ दिया।

विवेक रामास्वामी 2024 में राष्ट्रपति पद की रेस में उतरे थे, लेकिन बाद में डोनाल्ड ट्रंप का समर्थन करते हुए हट गए थे। इस चुनाव में राष्ट्रपति ट्रंप और उपराष्ट्रपति जेडी वेंस दोनों ने रामास्वामी के लिए रैलियां और प्रचार किया था, लेकिन वे ओहायो में 20 साल बाद डेमोक्रेटिक पार्टी की वापसी को नहीं रोक सके।

Notifications
Settings
Clear Notifications
Notifications
Use the toggle to switch on notifications
  • Block for 8 hours
  • Block for 12 hours
  • Block for 24 hours
  • Don't block
Gender
Select your Gender
  • Male
  • Female
  • Others
Age
Select your Age Range
  • Under 18
  • 18 to 25
  • 26 to 35
  • 36 to 45
  • 45 to 55
  • 55+