प्यार की खातिर सरहद पार कर गया भारतीय युवक, बांग्लादेशी लड़की से रचा ली शादी, लेकिन फिर...
बांग्लादेशी लड़की से शादी करने बॉर्डर पार कर गया भारतीय लड़का, वापस लौटते वक्त दोनों पकड़े गये।
नई दिल्ली, जून 28: प्यार की खातिर एक भारतीय युवक अपनी प्रेमिका से मिलने बॉर्डर क्रॉस कर बांग्लादेश पहुंच गया। वहां उसने अपनी गर्लफ्रेंड से शादी भी कर ली, लेकिन आगे का अंजाम शायद उस शख्स ने सोचा नहीं था। सीमा सुरक्षा बल ने शनिवार को एक भारतीय नागरिक और एक बांग्लादेशी महिला को पश्चिम बंगाल के नदिया जिले में अवैध रूप से अंतरराष्ट्रीय सीमा पार करने के आरोप में गिरफ्तार किया है।

बॉर्डर क्रॉस कर पहुंचा बांग्लादेश
पूछताछ के दौरान दोनों ने बताया है कि उन्होंने शादी कर ली है और एक दूसरे के बिना नहीं रह सकते हैं। बीएसएफ से दोनों ने कहा कि वो सोशल नेटवर्किंग साइट के सहारे एक दूसरे से मिले और फिर उन्हें फेसबुक पर ही बात करते करते प्यार हो गया था। लेकिन, दोनों के प्यार के बीच दोनों देशों की सरहद थी, लेकिन इस वजह से उन्होंने अपने प्यार को कुर्बान नहीं होने देने का फैसला किया। रिपोर्ट के मुताबिक गिरफ्तार भारतीय व्यक्ति की पहचान नदिया जिले के बल्लवपुर गांव के रहने वाले जयकांत चंद्र राय के तौर पर हुई है। जबकि लड़की बांग्लादेश की रहने है। 26 जून को बीएसएफ की खुफिया जानकारी के आधार पर शनिवार शाम मधुपुर सीमा चौकी पर ड्यूटी पर तैनात 82 बटालियन के जवानों को अलर्ट किया गया था और शाम करीब 4:15 बजे सुरक्षाकर्मियों ने दंपति को सीमा सड़क पर देखा था और फिर दोनों दो गिरफ्तार कर लिया गया।
संदेह के आधार पर हुई थी पूछताछ
सुरक्षाकर्मियों ने जब दोनों से पहचान पत्र मांगी तो फिर पता चला कि लड़का तो भारतीय है, जबकि लड़की अपनी पहचान नहीं बता पा रही थी। जिसके बाद दोनों को हिरासत में ले लिया गया था और बाद में पूरी कहानी सामने आने के बाद दोनों को गिरफ्तार कर लिया गया। पूछताछ के दौरान जयकांत राय ने कहा कि लड़की से उसकी मुलाकात फेसबुक पर हुई थी। वह इस साल 8 मार्च को तारकनगर के अप्पू नाम के एक दलाल की मदद से बांग्लादेश चला गया था और 10 मार्च को उन्होंने लड़की से शादी कर ली। फिर वो 25 जून तक बांग्लादेश में ही रहे। वहीं, लड़की ने कहा कि वो बांग्लादेश की रहने वाली है और वो अपने पति के साथ भारत आई है। लड़की ने कहा कि बॉर्डर पार कराने के लिए उन्होंने राजू मंडल नाम के एक दलाल को 10 हजार बांग्लादेशी रुपये दिए थे।

स्थानीय पुलिस के हवाले
पकड़े गए दोनों पति-पत्नी को आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए भीमपुर थाने को सौंप दिया गया है। वहीं, इस घटना की पुष्टि करते हुए 82 बटालियन के कमांडिंग ऑफिसर संजय प्रसाद सिंह ने कहा कि भारतीय व्यक्ति ने बांग्लादेशी लड़की से शादी करने के लिए वास्तव में अंतरराष्ट्रीय सीमा पार की थी और उनका रिश्ता वास्तविक लग रहा था। सिंह ने कहा कि सीमावर्ती क्षेत्रों में सुरक्षा बलों को सतर्क रहना होता है क्योंकि इन इलाकों में काफी ज्यादा मानव तस्करी होती है। उन्होंने कहा कि मानव तस्कर अक्सर मासूम लड़कियों को फंसाने और उन्हें वेश्यावृत्ति में धकेलने के लिए नए तरीके अपनाते हैं। मानव तस्करी की घटनाओं से निपटने के लिए दक्षिण बंगाल फ्रंटियर द्वारा भारत-बांग्लादेश सीमा पर एंटी ह्यूमन ट्रैफिकिंग यूनिट तैनात की गई है।












Click it and Unblock the Notifications