लोकसभा स्पीकर ने पाकिस्तानी सीनेट चेयरमैन को भारत आने का भेजा न्योता, दोस्ती की तरफ कदम?
पाकिस्तान मीडिया ने दावा किया है कि भारतीय लोकसभा स्पीकर ओम बिड़ला ने एक संसदीय कार्यक्रम में शामिल होने के लिए पाकिस्तान सीनेट चेयरमैन को न्योता भेजा है।
नई दिल्ली, अक्टूबर 12: पाकिस्तान की मीडिया की तरफ से एक बड़ा दावा किया गया है। पाकिस्तानी मीडिया ने दावा किया है कि भारत के लोकसभा स्पीकर ओम बिड़ला ने भारत के एक संसदीय कार्यक्रम में शामिल होने के बाद पाकिस्तान को न्योता भेजा है। अगर पाकिस्तान मीडिया का ये दावा सही है, तो ये खबर ना सिर्फ बड़ी है, बल्कि इससे विवाद भी पैदा हो सकता है। क्योंकि, अब तक भारत ने पाकिस्तान को लेकर काफी कड़ा रूख अपना रखा है। हालांकि, भारत की तरफ से इसका खंडन अभी तक नहीं किया गया है।

ओम बिड़ला ने भेजा न्योता
पाकिस्तान के कई मीडिया ऑउटलेट्स ने दावा किया है कि, भारतीय लोकसभा स्पीकर ओम बिड़ला ने भारत के एक संसदीय कार्यक्रम में शामिल होने के लिए पाकिस्तान को न्योता भेजा है। समा टीवी की रिपोर्ट के मुताबिक, पाकिस्तान के सीनेट के चेयरमैन सादिक संजरानी को भारतीय लोकसभा अध्यक्ष ओम बिड़ला की तरफ से भारतीय संसद के एक कार्यक्रम के लिए आमंत्रण भेजा गया है। रिपोर्ट में कहा गया है कि, भारतीय संसद की सबसे पुरानी 'पब्लिक अकाउंट कमेटी' यानि पीएसी के शताब्दी समारोह में भाग लेने के लिए पाकिस्तानी सीनेट के अध्यक्ष को न्योता भेजा गया है। ये न्योता भारत के लोकसभा स्पीकर ओम बिड़ला ने भेजा है। एक चिट्ठी भी पाकिस्तानी मीडिया पर दिखाया जा रहा है, जिसकी 'वन इंडिया' पुष्टि नहीं कर रहे हैं, लेकिन चिट्ठी को लेकर दावा किया है कि, ये चिट्ठी ओम बिड़ला की तरफ से भेजी गई है।

पाकिस्तान मीडिया का दावा
पाकिस्तानी अखबार एक्सप्रेस न्यूज ने लिखा है कि, ओम बिरला ने लोक लेखा समिति (पीएसी) के शताब्दी समारोह में भाग लेने के लिए संजरानी को भारत आमंत्रित किया है। हालांकि, पाकिस्तानी विदेश मंत्रालय ने अभी तक आमंत्रण की पुष्टि नहीं की है। रिपोर्ट के मुताबिक, भारतीय लोकसभा स्पीकर ओम बिड़ला ने जो पाकिस्तानी सीनेट के चेयरमैन को जो चिट्ठी भेजी है, उसमें लिखा है कि, ''पीएसी की 100वीं वर्षगांठ में भाग लेना आपके लिए सम्मान की बात होगी, जो भारत की सबसे पुरानी संसदीय समिति है। इस ऐतिहासिक अवसर पर आपको भारत की संसद के अतिथि के रूप में आमंत्रित करना हमारे लिए सम्मान की बात होगी''।

अगस्त में भेजा गया आमंत्रण
पाकिस्तान के अखबारों ने दावा किया है कि, भारतीय लोकसभा स्पीकर की तरफ से पाकिस्तान सीनेट के चेयरमैन को ये भारतीय संसद के इस अहम कार्यक्रम के लिए अगस्त महीने में न्योता भेजा गया था, लेकिन पाकिस्तान की तरफ से अभी तक ये फैसला नहीं लिया गया है कि पाकिस्तानी सीनेट के चेयरमैन भारतीय संसद के कार्यक्रम में हिस्सा लेंगे या नहीं। पाकिस्तान की समा टीवी ने अपनी रिपोर्ट में सूत्रों के हवाले से कहा है कि, भारतीय लोकसभा स्पीकर का आमंत्रण मिलने के बाद समारोह में सीनेट चेयरमैन सादित संजानी शामिल होंगे या नहीं, इसको लेकर सरकार में उच्च स्तर पर विचार-विमर्स चल रहा है, लेकिन अभी तक कोई फैसला नहीं किया गया है।

दिसंबर में है कार्यक्रम
आईएएनएस की रिपोर्ट के मुताबिक, भारतीय संसद में पीएसी के सौ साल पूरा होने पर चार और पांच दिसंबर को नई दिल्ली में कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा और इस कार्यक्रम का उद्घाटन भारतीय राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद करेंगे। इस समारोह के समापन सत्र को भारतीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 5 दिसंबर को संबोधित करेंगे।

पीएएसी के 100 साल पूरे
आपको बता दें कि, संसद का 22-सदस्यीय पीएसी भारत का सबसे पुराना संसदीय पैनल है, जो भारतीय संसद द्वारा केन्द्र सरकार को खर्च करने के लिए दिए जाने वाले पैसों और दूसरे खातों का जांच करती है। वर्तमान में पीएएसी की अध्यक्षता विपक्षी नेता के पास है, हालांकि इस कमेटी के ज्यादातर सदस्य फिलहाल सत्तारूढ़ पार्टी एनडीए से हैं। फिलहाल पीएसी की अध्यक्षता लोकसभा में विपक्ष के नेता अधीर रंजन चौधरी कर रहे हैं। आपको बता दें कि, पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी, ज्योतिर्मय बसु, पीवी नरसिम्हा राव और आर वेंकटरमन जैसे प्रमुख सांसदों ने पीएसी प्रमुख के रूप में काम किया है।

पाकिस्तान का रूख क्या है?
पाकिस्तानी मीडिया ने सूत्रों के हवाले से लिखा है कि भारत से मिले आमंत्रण पर पाकिस्तान की सोच सकारात्मक है और ऐसा लग रहा है कि पाकिस्तान के सीनेट के भारत दौरे पर मुहर लग सकती है। इससे पहले जब सऊदी अरब के विदेश मंत्री प्रिंस फैसल बिन फरहान ने भारत का दौरा किया था, उस वक्त भी पाकिस्तान ने इसका स्वागत किया था और सऊदी अरब की उस टिप्पणी का भी स्वागत किया था, जसमें सऊदी मंत्री ने कश्मीर विवाद को भारत और पाकिस्तान के बीच का विवाद बताया था। पाकिस्तान विदेश मंत्रालय ने सऊदी विदेश मंत्री के बयान का स्वागत करते हुए कहा था कि, ''सऊदी विदेश मंत्री ने कश्मीर को पाकिस्तान और भारत के बीच का विवाद बताया है. उन्होंने बातचीत के जरिए मुद्दों को सुलझाने की जरूरत पर भी जोर दिया।''

इमरान खान का बयान
समा टीवी ने अपनी रिपोर्ट में प्रधानमंत्री इमरान खान के उस बयान का जिक्र किया है, जिसमें इमरान खान ने कहा था कि, पाकिस्तान भारत के साथ शांति चाहता है। समा टीवी ने लिखा है कि, इमरान खान ने कहा है कि वो कश्मीर मुद्दे का हल शांति के साथ करना चाहते हैं और चाहते हैं कि दोनों पड़ोसी देश शांति और स्थिरता के साथ रहें। हालांकि, अब यह देखने वाली बात होगी कि क्या पाकिस्तान के सीनेट चेयरमैन दिसंबर में भारत आते हैं या फिर पाकिस्तान की तरफ से न्योते को ठुकरा दिया जाता है।












Click it and Unblock the Notifications