कीव में फंसा भारतीय परिवार, पिता ने वीडियो संदेश से मांगी आपात मदद, बेटे को तेज बुखार, आसपास हो रही लूट
कीव, 03 मार्च। यूक्रेन की राजधानी में कई भारतीय अभी भी फंसे हुए हैं और किसी तरह यहां से निकलने की कोशिश कर रहे हैं। लेकिन जिस तरह से रूसी सेना लगातार कीव और अन्य शहरों पर हमले कर रही है उसकी वजह से कई भारतीय नागरिक यहां फंसे हैं और निकल नहीं पा रहे हैं। भारतीय नागरिकों को यहां से सुरक्षित बाहर निकालने के लिए भारत सरकार ऑपरेशन गंगा चला रही है। इस बीच कीव शहर में फंसे चार भारतीय नागरिकों को भारत सरकार से अपील की है कि उन्हें यहां से बाहर निकलने में मदद की जाए।

मदद की गुहार
एक वीडियो संदेश के जरिए कीव शहर में फंसे एक भारतीय परिवार ने भारत सरकार से मदद की गुहार लगाई है। वीडियो के जरिए भारतीय नागरिक ने कहा, हम चार लोगों का परिवार है, मेरा नाम डॉक्टर राजकुमार संतलानी है,मेरी पत्नी मयूरी मोहनंदिनी, बेटी ग्याना राज संतलानी और मेरा बेटा पार्थ संतलानी यहां फंसे हैं। मेरे बेटे को बुखार है और हम यहां से निकल नहीं पा रहे हैं। उन्होंने बताया कि भारतीय दूतावास से लोगों ने कई बार हमे सपर्क किया लेकिन वह हमारी लोकेशन को ढूंढ नहीं सके।
हमे लेने कोई गाड़ी नहीं आई
राजकुमार ने बताया कि दूतावास के लोगों ने कहा कि वह हमारे लिए गाड़ी भेज रहे हैं, लेकिन अभी तक कोई भी गाड़ी हमे लेने के लिए नहीं आई। मेरे पड़ोसियों ने कहा कि बालकनी पर खड़े रहिए आपका समर्थन करने वाली रूसी सेना आ रही है। रूसी और यूक्रेन के लोग आपस में लड़ रहे हैं। लोग एक दूसरे पर हमले कर रहे हैं, कभी-कभी छोटे बम भी फेंकते हैं। ये लोग यहां के लोगों को लूट रहे हैं।

कीव में लूट
यूक्रेन में हालात काफी बदतर हैं। डॉक्टर राजकुमार ने कहा कि मेरे पड़ोसियों के साथ लूटपाट हुई है। कुछ लोग उनका मोबाइल फोन छीन ले गए। हमारे पास यहां हीटर भी नहीं है। यहां बहुत ज्यादा ठंड है। मेरे बेटे को बुखार है। हमे तत्काल मदद की जरूरत है, संभव हो तो हमे हर हाल में यहां से निकालें। कृपया हमारी मदद कीजिए, शुक्रिया।

कीव से भारतीय दूतावास बाहर निकला
बता दें कि भारतीय दूतावास ने कीव में अपने मिशन को खत्म कर दिया है, यहां से राजनयिकों को भी बुला लिया गया है, विदेश मंत्रालय का स्टाफ पश्चिमी हिस्से में चला गया है। सूत्रों के मुताबिक सरकार ने दावा किया है कि कीव में अब कोई भी भारतीय नागरिक नहीं है। गौर करने वाली बात है कि सरकार ने भारतीय नागरिकों से कीव शहर को छोड़ने के लिए कहा था और पास के बॉर्डर पर जाने को कहा था। सरकार ने मंगलवार को कहा था कि कीव में हालात काफी गंभीर है, लिहाजा कैसे भी कीव शहर से बाहर निकलिए।

ऑपरेशन गंगा
भारत अपने नागरिकों को निकालने के लिए ऑपरेशन गंगा के तहत ना सिर्फ कॉमर्शियल विमानों का सहारा ले रहा है बल्कि भारतीय वायुसेना भी इसमे शामिल है। तीन दिन में 26 विमानों के जरिए यूक्रेन में फंसे नागरिकों को आस-पास के बॉर्डर से भारत लाया जाएगा। इन लोगों को पड़ोसी देशों से वापस लाया जाएगा। रिपोर्ट के अनुसार यूक्रेन में भारत के कुल 20 हजार नागरिक थे, जिसमे से काफी नागरिकों को वापस लाया जा चुका है।












Click it and Unblock the Notifications