VIDEO: युद्धाभ्यास में भारतीय कमांडोज ने हवा में दिखाया अपना पराक्रम, चीन-पाक के सैनिक भी थे मौजूद
नई दिल्ली, 13 सितंबर: चीन और पाकिस्तान के साथ भारत का विवाद लंबे वक्त से जारी है। पिछले साल जब गलवान घाटी में चीनी और भारतीय सैनिकों के बीच झड़प हुई, तो हालात युद्ध जैसे बन गए थे। इसके बाद से भारतीय सेना, वायुसेना और नौसेना अपनी रक्षा तैयारियों को मजबूत कर रही हैं, ताकि वक्त पड़ने पर दुश्मन को सबक सिखाया जा सके। अब भारत का करीबी दोस्त रूस भी साथ में आ गया है। साथ ही दोनों देश के सैनिक Zapad-2021 में युद्धाभ्यास कर रहे हैं।
Recommended Video

निझनिय में हो रहा युद्धाभ्यास
मौजूदा वक्त में रूस के निझनिय इलाके में भारत, रूस समेत 17 देशों की सेनाएं अपना दम दिखा रही हैं। 9 सितंबर से शुरू हुआ Zapad-2021 युद्धाभ्यास 16 सितंबर तक जारी रहेगा। भारतीय सेना और वायुसेना के कमांडोज ने भी इसमें अपना दम दिखाया है। जिसका वीडियो ADGPI ने जारी किया। इस वीडियो में भारतीय कमांडो पैराजंपिंग और हवा में करतब करते नजर आ रहे हैं।

पर्यवेक्षक की भूमिका में चीन और पाक
भारतीय सेना के मुताबिक करीब 200 सैन्य कर्मी इस युद्धाभ्यास में भाग ले रहे हैं। खास बात तो ये है कि चीन और पाकिस्तान के सैनिक पर्यवेक्षक की भूमिका में इस युद्धाभ्यास में मौजूद हैं। रूसी सरकार के मुताबिक मंगोलिया, आर्मेनिया, कजाकिस्तान, ताजिकिस्तान, किर्गिस्तान, सर्बिया, रूस, भारत और बेलारूस इस युद्धाभ्यास के मुख्य प्रतिभागी हैं, जबकि वियतनाम, मलेशिया, बांग्लादेश, म्यांमार, उज्बेकिस्तान, श्रीलंका चीन और पाकिस्तान पर्यवेक्षक के रूप में इसमें शामिल हुए हैं।
अमेरिका को दिखा रहा दम
रूस और अमेरिका में बनती नहीं है, ये बात पूरी दुनिया को पता है। माना जा रहा है कि रूस ने अमेरिका को अपनी ताकत दिखाने के लिए ये युद्धाभ्यास शुरू किया है। इसके अलावा बेलारूस के इसमें शामिल होने से उसके पड़ोसी देशों में काफी हलचल है। बेलारूस का भी कई देशों से विवाद है। साथ ही रूस और बेलारूस औपचारिक रूप से एक "संघ राज्य" का हिस्सा हैं। इसके अंतर्गत बेलारूस के सुरक्षा की जिम्मेदारी रूस के ऊपर है।












Click it and Unblock the Notifications