प्रशांत महासागर में किस मिशन पर है पनडुब्बी INS वागीर? पहली बार बिना रूके 7 हजार किमी की यात्रा
INS Vagir: भारत की स्कॉर्पीन क्लास की एक पनडुब्बी INS वागीर मुंबई से बढ़ते हुए और लगातार चलते हुए प्रशांत महासागर में पहुंच गई है। इसी साल जनवरी में कमीशन की गई आईएनएस वागीर ने करीब 7,000 किमी की दूरी तय करते हुए ऑस्ट्रेलिया तक अपना रास्ता बना लिया है।
भारतीय नौसेना ने शनिवार शाम एक बयान जारी कर कहा कि पनडुब्बी विस्तारित दूरी की तैनाती पर है। वहीं, आपको बता दें, कि ऐसा पहली बार हुआ है, कि किसी भारतीय पनडुब्बी ने एक ही बार में 7 हजार किलोमीटर की समुद्री यात्रा तय की हो।

इंडियन नेवी के बयान में कहा गया है, कि ये पनडुब्बी अपने मिशन पर जून 2023 में निकली थी और आईएनएस वागीर 20 अगस्त को ऑस्ट्रेलिया के फ्रेमेंटल पहुंच जाएगी। आईएनएस वागीर पनडुब्बी, जो भारतीय नौसेना की पांचवीं कलवरी क्लास की पनडुब्बी है, उसे इस साल जनवरी में भारतीय नौसेना में शामिल किया गया था और उसे मुंबई में कमीशन किया गया था।
किस मिशन पर है आईएनएस वागीर?
द प्रिंट की रिपोर्ट के मुताबिक, डिफेंस एंड सिक्योरिटी स्टेब्लिशमेंट के सूत्रों ने बताया है, कि अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के हिस्से के रूप में, श्रीलंका में एक बंदरगाह कॉल को छोड़कर, पनडुब्बी ने कोई अन्य बंदरगाह कॉल नहीं किया है।
उन्होंने यह भी कहा, कि जून में अपनी ऑपरेशनल तैनाती शुरू होने के बाद से पनडुब्बी लगभग 7,000 किलोमीटर या 4,000 समुद्री मील से कुछ अधिक की दूरी तय कर चुकी है।
इसका मतलब यह है, कि आईएनएस वागीर श्रीलंका में रुकने के बाद से लगातार चल रही है, और यह गति के आधार पर हर तीन-चार दिनों में फिर से सतह पर आ जाती है, ताकि समुद्र की गहराई में फिर से डूबने से पहले कुछ घंटों के लिए अपनी बैटरी को रिचार्ज किया जा सके।
आधिकारिक बयान में कहा गया है, कि विस्तारित रेंज की तैनाती, किसी भारतीय पनडुब्बी द्वारा ऑस्ट्रेलिया में पहली तैनाती है और बेस पोर्ट से लंबी अवधि तक विस्तारित रेंज पर निरंतर संचालन करने के लिए, भारतीय नौसेना की क्षमता और पेशेवर कौशल को प्रदर्शित करती है।
ऑस्ट्रेलिया में अपने प्रवास के दौरान, आईएनएस वागीर ऑस्ट्रेलिया के पश्चिमी तट पर रॉयल ऑस्ट्रेलियाई नौसेना (आरएएन) इकाइयों के साथ विभिन्न अभ्यासों में भाग लेगी।
दूसरी तरफ, ऑस्ट्रेलिया के पूर्वी तट पर इस वक्त, भारतीय नौसैनिक जहाज और एयरफोर्स विमान, 11 से 21 अगस्त के बीच चल रहे मालाबार अभ्यास और 22-24 अगस्त के बीच AUSINDEX में शामिल हो रही है।
प्रशांत महासागर में भारत की दिलचस्पी
पिछले कुछ सालों में भारत ने प्रशांत महासागर में काफी तेजी से ध्यान देना शुरू कर दिया है और पिछले दिनों भारतीय नौसेना का एक जहाज भी प्रशांत महासागर के देशों की यात्रा पर था और अब पनडुब्बी भी प्रशांत देशों की यात्रा पर है।
इस क्षेत्र में चीन और अमेरिका के साथ साथ फ्रांस और ब्रिटेन भी अपना वर्चस्व जमाने की कोशिश में लगे हैं और अब भारत भी अपना दम दिखाने पहुंच गया है। रिपोर्ट के मुताबिक, ऑस्ट्रेलिया में आईएनएस वागीर ऑस्ट्रेलियाई नौसेना की पनडुब्बियों और भारतीय नौसेना के पी8आई विमान INS वागीर के साथ युद्धाभ्यास करने वाली है।












Click it and Unblock the Notifications