किर्गिस्तान में भारतीय और पाकिस्तानी छात्रों पर भीड़ ने क्यों किया हमला? दूतावास ने जारी की सख्त एडवाइजरी
Kyrgyzstan Indian Student: किर्गिस्तान में भारतीय और पाकिस्तान के छात्रों पर हमला करने का सनसनीखेज मामला सामने आया है और जो वीडियो फुटेज सामने आए हैं, वो खौफनाक है। वीडियो से पता चल रहा है, विदेशी छात्रों पर भीड़ ने हमला किया है।
किर्गिस्तान में भारतीय मिशन ने राजधानी बिश्केक में विदेशी छात्रों को निशाना बनाने वाली बड़े पैमाने पर हिंसक हमले की खबरों के बीच अपने नागरिकों को "फिलहाल" घर के अंदर रहने की सलाह दी है।

भारतीय मिशन ने भारतीय छात्रों को सख्त हिदायत देते हुए फिलहाल अपने घरों में ही रूकने को कहा है। भारतीय मिशन ने कहा है, कि "हम अपने छात्रों से लगातार संपर्क में हैं। स्थिति फिलहाल शांत है, लेकिन छात्रों को सलाह दी जाती है, कि वे फिलहाल घर के अंदर ही रहें और कोई भी समस्या होने पर फौरन दूतावास से संपर्क करें। हमारा 24×7 संपर्क नंबर 0555710041 है।"
वहीं, भारतीय विदेश मंत्री एस जयशंकर ने कहा, कि वह बिश्केक में भारतीय छात्रों की सुरक्षा को लेकर निगरानी कर रहे हैं। उन्होंने कहा, कि "स्थिति अब कथित तौर पर शांत है। छात्रों को दूतावास के साथ नियमित संपर्क में रहने की दृढ़ता से सलाह दी गई है।"
पाकिस्तानी छात्रों पर भी हुआ है हमला
बिश्केक में पढ़ रहे कई पाकिस्तानी छात्रों को भी शुक्रवार देर रात भीड़ की हिंसा का सामना करना पड़ा, जिसमें उन्हें चोटें आईं। हालांकि, किसी की मौत की पुष्टि नहीं हुई है। पाकिस्तानी मीडिया रिपोर्टों में कहा गया है, कि यह हिंसा पाकिस्तानियों और मिस्र के नागरिकों सहित विदेशी छात्रों के बीच विवाद के बाद हुई।
वहीं, पाकिस्तान के छात्रों का अभी तक कोई मदद नहीं मिलने को लेकर अपने देश के दूतावास के खिलाफ गुस्सा फूट पड़ा है। छात्रों का कहना है, कि पाकिस्तान के दूतावास की तरफ से कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली है।
वहीं, भारी विरोध के बाद किर्गिस्तान में पाकिस्तान के राजदूत हसन ज़ैगम ने छात्रों को घर के अंदर रहने की सलाह दी और उनकी सुरक्षा के लिए स्थानीय अधिकारियों के साथ सहयोग का आश्वासन दिया है।
रिपोर्ट के मुताबिक, मेडिकल कॉलेजों के छात्रावासों और निजी आवासों को निशाना बनाया गया है। पाकिस्तानी दूतावास ने कहा है, कि पाकिस्तानी छात्रों में किसी की मौत या किसी से रेप की पुष्टि नहीं हुई है।
लेकिन, पाकिस्तान के छात्रों ने दावा किया है, कि तीन पाकिस्तानी छात्रों की हत्या कर दी गई है। छात्रों ने एक वीडियो पोस्ट कर कहा है, कि पाकिस्तान के छात्रों का मर्डर किया जा रहा है, लेकिन पाकिस्तान की तरफ से कोई मदद नहीं दी जा रही है।
वहीं, पाकिस्तान के प्रधान मंत्री शहबाज शरीफ ने एक्स पर एक पोस्ट में कहा है, कि "किर्गिस्तान के बिश्केक में पाकिस्तानी छात्रों की स्थिति पर गहरी चिंता है। मैंने पाकिस्तान के राजदूत को सभी आवश्यक सहायता और सुरक्षा प्रदान करने का निर्देश दिया है। मेरा कार्यालय भी दूतावास के संपर्क में है और लगातार स्थिति पर नजर रख रहा है।"
जबकि, पाकिस्तान के उपप्रधानमंत्री और विदेश मंत्री इशाक डार ने कहा, कि देश में छात्रों पर भीड़ के हमलों की खबरें बेहद चिंताजनक हैं। उन्होंने कहा, कि "हमने पाकिस्तानी छात्रों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए किर्गिज़ अधिकारियों के साथ संपर्क स्थापित किया है। मैंने किर्गिस्तान में अपने राजदूत को उन्हें पूरी सुविधा देने का निर्देश दिया है।"
हिंसा भड़कने की वजह क्या है?
फिलहाल, हिंसा की सटीक वजह का पता नहीं चल पाया है, लेकिन कई रिपोर्ट्स में दावा किया है, कि मिस्र और अरब के छात्रों की स्थानीय लोगों से मारपीट होने के बाद ये हिंसा भड़की थी, जिसकी चपेट में भारत और पाकिस्तान के छात्र भी आ गये।
रिपोर्ट्स में कहा गया है, कि मिस्र और अरब के छात्रों ने स्थानीय लोगों से मारपीट करने के बाद हिंसा का आरोप पाकिस्तानी छात्रों पर जड़ दिया, जिससे गुस्साए स्थानीय लोगों ने बंदूक और डंडों से हमला कर दिया। छात्रों के हॉस्टल पर हमला कर तोड़फोड़ की गई और खिड़कियों पर पत्थरबाजी की गई है।












Click it and Unblock the Notifications