Passport Index: पाकिस्तान बना दुनिया का चौथा सबसे कमजोर पासपोर्ट वाला देश, भारत की रैंकिंग में जबरदस्त सुधार
Henley Passport Index 2025: भारत ने दुनिया के सबसे शक्तिशाली पासपोर्टों की रैंकिंग में अब तक की सबसे बड़ी बढ़त दर्ज की है। हेनले पासपोर्ट इंडेक्स 2025 के अनुसार भारत की पासपोर्ट रैंकिंग साल 2024 में जहां 85वें स्थान पर थी वहीं 2025 में वह आठ पायदान ऊपर चढ़कर 77वें स्थान पर आ गई है।
यह इंडेक्स लंदन स्थित ग्लोबल सिटीजन (Global Citizenship) और रेजिडेंस एडवाइजरी फर्म हेनले एंड पार्टनर्स द्वारा जारी किया गया। भारत की अब तक की सर्वश्रेष्ठ रैंकिंग साल 2006 में 71वीं थी।

पड़ोसी देशों से आगे निकला भारत
हेनले इंडेक्स के अनुसार, भारत अपने कई पड़ोसी देशों से बेहतर स्थिति में है। भारत इस लिस्ट में भूटान (81वां), म्यांमार (88वां), श्रीलंका (91वां), बांग्लादेश (94वां), नेपाल (95वां) और पाकिस्तान (96वां) से आगे है। भारत इस साल बुर्किना फासो, कोट डी आइवर और सेनेगल के साथ संयुक्त रूप से 77वें स्थान पर है।
PAK दुनिया का चौथा सबसे कमजोर पासपोर्ट वाला देश
दरअसल, हेनले पासपोर्ट इंडेक्स ने 1 से 99 तक की रैंकिंग में दुनिया के तमाम देशों को रखा है। इस लिस्ट में पाकिस्तान को 96वां स्थान मिला है, यानी वह दुनिया के सबसे कमजोर पासपोर्ट वाले देशों में शामिल है। यह रैंकिंग सोमालिया और यमन के साथ साझा है, जिन्हें सिर्फ 32 देशों में वीजा-फ्री एंट्री मिलती है। पाकिस्तान से नीचे केवल तीन देश हैं-इराक (97वां), सीरिया (98वां) और अफगानिस्तान (99वां)। इस तरह पाकिस्तान 'लास्ट से चौथे नंबर' पर आता है।
59 देशों में वीजा-मुक्त या ऑन-अराइवल सुविधा
भारतीय पासपोर्ट धारक अब 59 देशों की यात्रा बिना पूर्व वीजा के कर सकते हैं। इनमें वीजा-मुक्त यात्रा और आगमन पर वीजा (Visa on Arrival) दोनों शामिल हैं। यह संख्या पहले 57 थी, यानी भारतीय नागरिकों को अब दो और देशों की अतिरिक्त वीजा- फ्री (Visa-Free) पहुंच मिली है।
मलेशिया, इंडोनेशिया, थाईलैंड और मालदीव जैसे लोकप्रिय एशियाई टूरिस्ट डेस्टिनेशन भारतीयों को वीजा-फ्री प्रवेश देते हैं। वहीं मकाऊ और म्यांमार आगमन पर वीजा सुविधा प्रदान करते हैं।
दो नए देश वीजा-फ्री लिस्ट में शामिल
2025 में दो नए देशों - श्रीलंका और फिलीपींस - ने भारतीयों को वीजा-फ्री प्रवेश की सुविधा दी है। अक्टूबर 2024 में श्रीलंका और मई 2025 में फिलीपींस ने यह घोषणा की।
कौन है टॉप पर?
सिंगापुर ने 193 देशों तक वीजा-फ्री या ऑन-अराइवल पहुंच के साथ दुनिया का सबसे शक्तिशाली पासपोर्ट बनने का गौरव हासिल किया है। उसने फ्रांस को पीछे छोड़ दिया है। जापान और दक्षिण कोरिया दूसरे स्थान पर हैं, जबकि डेनमार्क और फिनलैंड तीसरे स्थान पर हैं। हेनले पासपोर्ट इंडेक्स 2025 में अफगानिस्तान अंतिम स्थान (103वां) पर है, जिसकी पहुंच केवल 25 देशों तक है।












Click it and Unblock the Notifications