‘भारत और अमेरिका के बीच दोस्ती इतनी मजबूत कभी नहीं रही’, PM मोदी की अमेरिका यात्रा से पहले बोले US राजदूत
भारत में अमेरिकी राजदूत एरिक गार्सेटी ने कहा कि हम चाहते हैं कि भारत सुरक्षित रहे और हम हिंद-प्रशांत क्षेत्र को सुरक्षित बनाने के लिए भारत के साथ काम करना चाहते हैं।

भारत में अमेरिका के नवनियुक्त राजदूत एरिक गार्सेटी ने कहा कि बीते कई सालों में भारत और अमेरिका के बीच नीतिगत और व्यापारिक संबंध काफी गहरे हुए हैं। अगले महीने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की वाशिंगटन यात्रा के दौरान इसका और विस्तार होगा।
अमेरिकी राजदूत ने कहा कि हम इंडो-पैसिफिक को सुरक्षित बनाने के लिए भारत के साथ काम करना चाहते हैं। गार्सेटी ने कहा कि भारत के बिना हिंद प्रशांत क्षेत्र संभव नहीं है।
पीटीआई को दिए एक साक्षात्कार में, गार्सेटी ने सुझाव दिया कि दोनों देश रक्षा सहयोग को मजबूत करने के लिए कुछ समझौतों पर काम कर रहे हैं और मोदी के अमेरिका दौरे या राष्ट्रपति जो बाइडेन के सितंबर में जी20 शिखर सम्मेलन के लिए भारत आने पर उनके मजबूत होने की संभावना है।
गार्सेटी ने मीडिया से बातचीत में कहा कि भारत और अमेरिका के बीच दोस्ती इतनी मजबूत पहले कभी नहीं रही। गार्सेटी ने कहा, 'भारत एक वैश्विक ताकत है, भारत और अमेरिका के बीच द्विपक्षीय संबंध ऐतिहासिक और पीढ़ीगत हैं।'
राजदूत एरिक गार्सेटी ने भारत और अमेरिका के बीच रक्षा सहयोग पर कहा कि हम भारत की सुरक्षा की परवाह करते हैं। हम चाहते हैं कि भारत सुरक्षित रहे और हम हिंद-प्रशांत क्षेत्र को सुरक्षित बनाने के लिए भारत के साथ काम करना चाहते हैं।
अमेरिकी राजदूत ने कहा कि भारत और अमेरिका एक दूसरे पर भरोसा करते हैं। अमेरिकी राजदूत, एरिक गार्सेटी ने 26/11 के मुंबई हमले के आरोपी तहव्वुर राणा के प्रत्यर्पण पर बोलते हुए कहा कि अदालत ने आदेश दिया है कि यह प्रत्यर्पण होना चाहिए और यह मेरी भी अपेक्षा है।
वहीं पीएम मोदी की आगामी अमेरिका की यात्रा को लेकर एरिक गार्सेटी काफी उत्साहित नजर आए। उन्होंने कहा कि यह दोनों नेताओं और देशों के बीच संबंधों को उन्नत करने का एक अवसर होने जा रहा है।
गार्सेटी ने कहा, मुझे लगता है कि यह एक शानदार यात्रा होगी। आपको बता दें कि राष्ट्रपति जो बाइडन और प्रथम महिला जिल बाइडन के निमंत्रण के बाद पीएम मोदी 22 जून को अमेरिका जाएंगे।
इससे पहले भारत में अमेरिका के शीर्ष राजनयिक गार्सेटी ने कहा था कि पूरी दुनिया भारत और अमेरिका के बीच गहरे होते संबंधों पर भरोसा कर रही है। आगामी चार महीनों में हमारे नेता तीन बार मुलाकात करेंगे।
मुझे भरोसा है कि जब प्रधानमंत्री मोदी वाशिंगटन जाएंगे और इसके बाद जब राष्ट्रपति बाइडन भारत आएंगे तो आप दोनों देशों के बीच एक गहराई का अनुभव करेंगे।












Click it and Unblock the Notifications