इमरान खान को लाहौर शिफ्ट कराया गया, PM शहबाज शरीफ ने रद्द की प्रेस कॉन्फ्रेंस
पाकिस्तान के पीएम ने प्रेस कॉन्फ्रेंस रद कर दिया है। इमरान खान को पहले किसी नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया था, अब उन्हें लाहौर शिफ्ट कर दिया गया है।
पाकिस्तान के पूर्व प्रधानमंत्री इमरान खान की रैली में फायरिंग हुई है। यह फायरिंग पूर्व प्रधानमंत्री के कंटेनर के पास हुई। इस गोलीबारी का शिकार इमरान खान भी हो गए हैं। उनके पैर के अंगूठे में गोली लगी है। पहले उन्हें किसी नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया था, अब उन्हें लाहौर शिफ्ट कर दिया गया है। इस दौरान इमरान खान के अलावा चार अन्य लोगों के घायल होने की खबर है। ऐसा बताया जा रहा है कि सिंध के पूर्व गर्वनर इमरान इस्मायल भी इस हमले में घायल हुए हैं।
Recommended Video

पीएम शहबाज शरीफ ने की निंदा
पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ ने इमरान खान के कंटेनर पर हुई फायरिंग की निंदा की है। उन्होंने गृह मंत्री राणा सनाउल्लाह को आईजी पुलिस और पंजाब के मुख्य सचिव से तत्काल रिपोर्ट मांगने के निर्देश दिए हैं। इसके साथ ही पाकिस्तान की सूचना मंत्री मरियम औरंगजेब का भी बयान सामने आया है। मरियमने कहा कि फायरिंग की घटना के बाद पीएम शहबाज शरीफ का प्रेस कॉन्फ्रेस रद कर दिया गया है। शहबाज शरीफ दो दिन की चीन यात्रा से वापस लौटे हैं।

खतरे से बाहर हैं इमरान खान
फवाद चौधरी के मुताबिक इमरान खान पर एके 47 से फायरिंग की गई है। उनके पैर में गोली लगी है और उन्हें अस्पताल में भर्ती करवा दिया गया है। पीटीआई नेता अजहर मशवानी ने ट्विटर के माध्यम से पुष्टि की है कि पूर्व प्रधानमंत्री सुरक्षित हैं और ऑन-ग्राउंड टीम ने दोषियों को गिरफ्तार कर लिया है। उन्होंने कहा कि यह घटना वजीराबाद में अल्लाह हू चौक के पास हुई। वहीं, पीटीआई नेता फारुख हबीब ने कहा कि "कायरों ने अपना असली चेहरा दिखा दिया, जिसमें इमरान खान घायल हो गए।" पीटीआई प्रमुख की सुरक्षा के लिए प्रार्थना करते हुए हबीब ने "पूरे देश" से उनके जीवन के लिए प्रार्थना करने को कहा।

पुलिस ने एक व्यक्ति को पकड़ा
टीवी में दिख रहे फुटेज से पता चला है कि 70 वर्षीय खान के दाहिने पैर में चोट लगी है। पुलिस ने इमरान को कंटेनर से बुलेट प्रूफ वाहन में शिफ्ट कर दिया। चैनल ने बताया कि एक व्यक्ति को मौके से गिरफ्तार कर लिया गया है और पुलिस ने उसे अज्ञात स्थान पर ले गई है। शुरुआत में यह बताया गया था कि इमरान खान सुरक्षित हैं और कुछ लोग घायल हुए हैं। हालांकि, बाद में पता चला कि इमरान भी घायल हो गए हैं।












Click it and Unblock the Notifications