क्या इस्तीफा देने वाले हैं इमरान खान? कुछ देर में पाकिस्तानी अवाम को करेंगे संबोधित, गृहमंत्री ने की पुष्टि
पाकिस्तान की 342 सदस्यीय नेशनल असेंबली में में 179 सदस्यों के साथ इमरान खान की राजनीतिक पार्टी पीटीआई ने सरकार बनाई थी। लेकिन, एमक्यूएम के सरकार से बाहर होने से इमरान खान की सरकार के पास सिर्फ 164 सांसद बचे हैं।
इस्लामाबाद, मार्च 30: पाकिस्तान के प्रधानमंत्री इमरान खान के पीएम पद से इस्तीफा देने की अटकलें काफी तेज हो गई हैं और एक के बाद एक सहयोगियों के साथ छोड़ने के बीच उनकी सरकार के अल्पमत में आने के दावे किए जा रहे हैं। रिपोर्ट है कि, इमरान खान कुछ देर के बाद पाकिस्तान की अवाम को संबोधित करेंगे और प्रधानमंत्री पद से इस्तीफा देने का ऐलान कर सकते हैं।

देश को संबोधित करेंगे इमरान खान
सहयोगी मुत्ताहिदा कौमी मूवमेंट के सदस्यों द्वारा सरकार का साथ छोड़ने के बीच पाकिस्तान के प्रधान मंत्री इमरान खान के आज राष्ट्र को संबोधित करने की संभावना है। माना जा रहा है कि, पाकिस्तानी प्रधानमंत्री इस्तीफे का ऐलान कर सकते हैं। पाकिस्तान के गृह मंत्री शेख राशिद ने पाकिस्तानी मीडिया को बताया कि, इमरान खान केन्द्रीय कैबिनेट की बैठक के बाद राष्ट्र को संबोधित करेंगे। इमरान खान का राष्ट्र के नाम संबोधन उनके सहयोगी मुत्ताहिदा कौमी मूवमेंट (पाकिस्तान) के दो मंत्रियों के इस्तीफे के बीच आया है। सैयद अमीनुल हक और फारूग नसीम ने औपचारिक रूप से कैबिनेट से इस्तीफा दे दिया है।

अल्पमत में इमरान खान की सरकार
पाकिस्तान की 342 सदस्यीय नेशनल असेंबली में में 179 सदस्यों के साथ इमरान खान की राजनीतिक पार्टी पीटीआई ने सरकार बनाई थी। लेकिन, सहयोगी पार्टी एमक्यूएम के सरकार से बाहर होने से इमरान खान की सरकार के पास सिर्फ 164 सांसद रह गए हैं। पीएमएल-एन, पाकिस्तान पीपुल्स पार्टी, एमक्यूएम, बलूचिस्तान अवामी पार्टी और छोटे दलों सहित विपक्षी खेमे में 177 सदस्य हैं और उन्हें पीटीआई के असंतुष्ट सांसदों के समर्थन की भी आवश्यकता नहीं है। जबकि, इमरान खान ने दावा किया है कि, विदेशी शक्तियां उनकी सरकार को अस्थिर करने की कोशिश कर रही हैं। उन्होंने 27 मार्च को इस्लामाबाद स्थिति डी-चौक पर रैली में एक चिट्ठी भी अपने हाथों से जनता की तरफ लहराया था, लेकिन उन्होंने अभी तक ये नहीं बताया है, कि उस चिट्ठी में क्या लिखा है और चिट्ठी में उन्हें किसने धमकी दी है।

संसद भंग नहीं कर सकते हैं इमरान खान
पाकिस्तान की संविधान के मुताबिक, चूंकी इमरान खान के खिलाफ पहले से ही अविश्वास प्रस्ताव स्पीकर के सामने पेश किया जा चुका है, लिहाजा वो नेशनल असेंबली को भंग नहीं कर चुनाव में जाने का ऐलान नहीं कर सकते हैं और अगर वो इस्तीफा नहीं देते हैं, तो फिर संसद में विपक्ष उनके खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव पर वोटिंग करेगा और अगर अगर इमरान खान वोटिंग के दौरान हार जाते हैं, तो विपक्ष को सरकार बनाने का मौका दिया जाएगा। पाकिस्तान की राजनीति के इतिहास में किसी भी प्रधानमंत्री ने अपना कार्यकाल पूरा नहीं किया है। कहा जाता है कि पाकिस्तान की सेना राजनीतिक पर हावी रहती है।

पाकिस्तानी संसद का गणित
पाकिस्तान के वरिष्ठ पत्रकार हामिद मीर ने कहा कि, संसद में विपक्ष को अविश्वास प्रस्ताव पास कराने के लिए 172 सांसदों के समर्थन की जरूरत है, जबकि विपक्ष के पास अभी ही 190 सांसद हो चुके हैं। लिहाजा, इमरान खान नहीं चाहते हैं, कि उनकी पार्टी के सांसद अविश्वास प्रस्ताव के दौरान संसद में शामिल हों। बकौल हामिद मीर... इमरान खान को डर है, कि सिर्फ 24 ही नहीं, बल्कि कम से कम 40 सांसद उन्हें धोखा दे सकते हैं और विपक्षी खेमे में शामिल हो सकते हैं। यानि, इमरान सरकार का गिरना तय है। आपको बता दें कि, पाकिस्तान की नेशनल असेंबली (जैसे भारत में लोकसभा) में एमएनए (भारत में सांसद) की संख्या 342 होती है और सरकार बनाने के लिए 172 एमएनए की जरूरत होती है। इमरान खान ने अपने सहयोगियों के साथ सरकार बनाई थी और संसद में उनके पास 179 एमएनए का समर्थन हासिल था। इमरान खान की पार्टी के पास 155 सांसद हैं, जबकि उन्हें चार पार्टियों ने समर्थन दिया था। लेकिन, अब इन चार सहयोगी पार्टियों में से तीन पार्टी ने इमरान खान सरकार से समर्थन वापस ले लिया है।
सूचना मंत्री ने दावा खारिज किया
वहीं, इमरान खान के सूचना मंत्री फवाद चौधरी ने पाकिस्तानी मीडिया की उन अटकलों को खारिज कर दिया है, जिसमें इमरान खान के इस्तीफे की बात कही जा रही है। फवाद चौधरी ने ट्वीट करते हुए कहा है कि, 'इमरान खान एक ऐसे खिलाड़ी हैं, जो आखिरी गेंद फेंके जाने तक लड़ाई जारी रखते हैं। कोई इस्तीफा नहीं हो रहा है। एक ऐसा मैच होगा, जिसे दोस्त और दुश्मन... हर कोई देखेगा'












Click it and Unblock the Notifications