Imran Khan Shifted to Hospital: इमरान खान जेल से अचानक अस्पताल में क्यों हुए शिफ्ट? पूरे इस्लामाबाद में अलर्ट
Imran Khan Shifted to Hospital: पाकिस्तान के पूर्व प्रधानमंत्री और पाकिस्तान तहरीक-ए-इंसाफ (PTI) के संस्थापक इमरान खान को अदियाला जेल से इस्लामाबाद के शिफा इंटरनेशनल अस्पताल शिफ्ट कर दिया गया है। सुप्रीम कोर्ट के आदेश के बाद उन्हें मेडिकल जांच और इलाज के लिए अस्पताल लाया गया है। इमरान खान की सुरक्षा को देखते हुए अस्पताल के एक हिस्से को सब-जेल घोषित किए जाने की तैयारी है।
इस बीच उनकी बहन अलीमा खान भी अदियाला जेल पहुंचीं, लेकिन उन्हें अंदर जाने की अनुमति नहीं मिली। ऐसे में सवाल उठ रहा है कि आखिर जेल में बंद 73 वर्षीय इमरान खान को अस्पताल क्यों ले जाना पड़ा और उनकी सुरक्षा को लेकर इतनी सख्ती क्यों बरती जा रही है?

सुप्रीम कोर्ट के आदेश के बाद अस्पताल पहुंचे इमरान
इमरान खान को अस्पताल शिफ्ट करने का फैसला पाकिस्तान के सुप्रीम कोर्ट के निर्देश के बाद लिया गया। शीर्ष अदालत ने अधिकारियों को पूर्व प्रधानमंत्री की मेडिकल जांच और जरूरी इलाज कराने का आदेश दिया था। इसके बाद प्रशासन ने शिफा इंटरनेशनल अस्पताल में सुरक्षा और मेडिकल इंतजाम किए। आदेश के पालन के तहत इमरान को अदियाला जेल से अस्पताल लाया गया। उनके अस्पताल पहुंचते ही इस्लामाबाद पुलिस को अलर्ट कर दिया गया और आसपास के इलाकों में सुरक्षा बढ़ा दी गई।
ये भी पढे़ं: Imran Khan Health: पाक Ex-PM की हालत गंभीर? 29 दिन अस्पताल में रहेंगे, 33 माह में 39 टेस्ट में क्या मिला?
अस्पताल का हिस्सा बनेगा सब-जेल
इमरान खान की सुरक्षा को देखते हुए शिफा इंटरनेशनल अस्पताल के एक हिस्से को सब-जेल घोषित किए जाने की तैयारी है। प्रशासन की ओर से इस संबंध में जरूरी प्रक्रिया पूरी की जा रही है। विचार-विमर्श के बाद इस्लामाबाद के चीफ कमिश्नर की ओर से आधिकारिक नोटिफिकेशन जारी किया जा सकता है। अगर अस्पताल का हिस्सा सब-जेल घोषित होता है तो इमरान खान को इलाज के दौरान भी जेल प्रशासन और सुरक्षा एजेंसियों की निगरानी में रखा जाएगा।
बहन अलीमा खान को जेल में नहीं मिली एंट्री
इमरान खान की बहन अलीमा खान अपने चचेरे भाई कासिम खान के साथ अदियाला जेल पहुंचीं। हालांकि, सुरक्षा कारणों का हवाला देते हुए पुलिस ने उन्हें जेल के मुख्य द्वार पर ही रोक दिया। उन्हें अंदर जाने की अनुमति नहीं मिली। इमरान को अस्पताल ले जाने की खबरों के बीच अलीमा का जेल पहुंचना भी चर्चा में रहा। इससे पहले भी इमरान खान के परिवार की ओर से उनकी सेहत और जेल में सुविधाओं को लेकर सवाल उठते रहे हैं।
अगस्त 2023 से जेल में बंद हैं इमरान
73 वर्षीय इमरान खान अगस्त 2023 से जेल में बंद हैं। उन्हें शुरुआत में तोशाखाना मामले में तीन साल की सजा के बाद गिरफ्तार किया गया था। इसके बाद सिफर, अल-कादिर ट्रस्ट और इद्दत निकाह समेत कई मामलों में कार्रवाई हुई। हालांकि, कुछ मामलों में उन्हें राहत मिल चुकी है। इमरान खान और PTI इन मामलों को राजनीतिक बदले की कार्रवाई बताते रहे हैं। वहीं पाकिस्तान सरकार और जांच एजेंसियां इन आरोपों को खारिज करते हुए इसे कानूनी प्रक्रिया का हिस्सा बताती हैं।
इलाज के बीच भी सुरक्षा बनी सबसे बड़ी चुनौती
इमरान खान के अस्पताल पहुंचने के बाद सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पाकिस्तान प्रशासन पूरी तरह सतर्क है। अस्पताल और उसके आसपास वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों की तैनाती की गई है। सुरक्षा एजेंसियों को किसी भी संभावित स्थिति से निपटने के लिए अलर्ट रखा गया है। इमरान पाकिस्तान के बेहद चर्चित राजनीतिक नेताओं में शामिल हैं और उनकी पार्टी का बड़ा जनसमर्थन है। ऐसे में अस्पताल में इलाज के दौरान भी सुरक्षा को लेकर प्रशासन किसी तरह का जोखिम नहीं लेना चाहता।


Click it and Unblock the Notifications
