पाकिस्तान में विपक्षी नेता इमरान खान को हिन्दुस्तान चले जाने की सलाह क्यों दे रहे हैं?
पाकिस्तान के प्रधानमंत्री की कुर्सी खोने के बाद से लगातार भारत की तारीफ कर रहे पूर्व प्रधानमंत्री पर मरियम नवाज ने फटकार लगायी है। मरियम नवाज ने कहा है कि अगर इमरान को हिन्दुस्तान इतना ही पसंद है तो उन्हें वहीं चले जाएं।
इस्लामाबाद, 22 मईः पाकिस्तान के प्रधानमंत्री की कुर्सी खोने के बाद से लगातार भारत की तारीफ कर रहे पूर्व प्रधानमंत्री पर मरियम नवाज ने फटकार लगायी है। पाकिस्तान मुस्लिम लीग नवाज की उपाध्यक्ष और पूर्व प्रधानमंत्री नवाज शरीफ की बेटी मरियम नवाज ने कहा है कि अगर इमरान खान को हिन्दुस्तान इतना ही पसंद है तो उन्हें वहीं चले जाना चाहिए। दरअसल भारत सरकार ने पेट्रोल और डीजल की कीमतों पर उत्पाद शुल्क कम करने के बाद पेट्रोलियम तेलों के दाम कम किए हैं। भारत के इस फैसले की इमरान खान ने तारीफ की थी।

इमरान खान ने मोदी सरकार की तारीफ की
पाकिस्तान के पूर्व प्रधानमंत्री इमरान खान ने कहा कि भारत ने अमेरिका के दबाव के बावजूद जनता को राहत देने के लिए रियायती रूसी तेल खरीदा और ये भारत की सफल विदेश नीति का उदाहरण है। उन्होंने कहा कि, वो भी पाकिस्तान में ऐसा ही करना चाहते थे, लेकिन उन्हें ऐसा नहीं करने दिया गया और उनकी सरकार को साजिशन गिरा दिया गया। इमरान खान ने ट्विटर पर कहा कि, 'क्वाड का हिस्सा होने के बावजूद, भारत ने अमेरिका पर दबाव बनाए रखा और जनता को राहत देने के लिए रियायती रूसी तेल खरीदा'।

पाकिस्तान की विदेश नीति को बताया असफल
पाकिस्तान के प्रधानमंत्री ने ट्वीट करते हुए कहा कि, पाकिस्तान में उनकी सरकार भी यही हासिल करने के लिए काम कर रही थी। इमरान खान ने कहा, 'यह वही है जो हमारी सरकार एक स्वतंत्र विदेश नीति की मदद से हासिल करने के लिए काम कर रही थी'। इमरान खान ने मौजूदा सरकार को 'बिना सिर वाले मुर्गे की तरफ इधर-ऊधर भागने' वाली सरकार बताया। उन्होंने कहा कि मीर जाफ़र्स और मीर सादिक ने पाकिस्तान में सत्ता परिवर्तन को मजबूर करने के लिए बाहरी दबाव से उनकी सरकार को झुकाया।

मरियम ने कहा, भारत चले जाएं इमरान
इमरान खान के हिन्दुस्तान की तारीफ पाकिस्तान के मुस्लिम लीग नवाज की उपाध्यक्ष को नहीं जंची, जिसके बाद उन्होंने पूर्व प्रधानमंत्री की खिंचाई कर दी। मरियम ने कहा कि लगता है इमरान खान को पाकिस्तान के बदले हिन्दुस्तान पसंद आने लगा है। इमरान खान को अब वहीं चले जाना चाहिए। बता दें कि पाकिस्तान की राजनीति में इस वक्त की बयानबाजी ने मर्यादा की सारी सीमा रेखाओं को तोड़ चुका है और राजनेताओं में होड़ लगी है, कि कौन नेता कितना गिरा हुआ भाषण दे सकता है।

रैली में इमरान ने की थी अभद्र टिप्पणी
इससे पहले इमरान खान ने मरियम शरीफ पर आपत्तिजनक टिप्पणी की थी। पूर्व क्रिकेटर रह चुके इमरान खान ने मुल्तान में एक रैली को संबोधित करते हुए कहा कि "किसी ने मुझे कल सरगोधा में मरियम नवाज द्वारा दिया गया भाषण का क्लिप भेजा था। उस भाषण में, उसने इतने जुनून के साथ मेरा नाम बोला, कि मैं उससे कहना चाहूंगा, मरियम, कृपया सावधान रहें, आपके पति परेशान हो सकते हैं क्योंकि आप लगातार मेरा नाम दोहरा रही थीं'। इमरान के इस बयान की चारों ओर आलोचना हो रही है।

इमरान खान की हो रही आलोचना
इमरान खान की इस टिप्पणी के बाद, सोशल मीडिया पर राजनेताओं ने उनकी निंदा शुरू कर दी है। पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ, जो मरियम नवाज के चाचा भी हैं, उन्होंने इमरान खान के बयान पर कड़ी आपत्ति जताई की और कहा कि पूरे देश, विशेष रूप से महिलाओं को, "राष्ट्र की बेटी मरियम नवाज के खिलाफ इस्तेमाल की गई अपमानजनक भाषा" की कड़ी निंदा करनी चाहिए।" शहबाज शरीफ के अलावा पाकिस्तान के पूर्व राष्ट्रपति आसिफ अली जरदारी ने भी इमरान खान की बेहूदा टिप्पणी की निंदा की है। जरदारी ने कहा कि, जिनकी मां और बहन घर में होती हैं, वो किसी और महिला पर ऐसी टिप्पणी नहीं करते हैं।












Click it and Unblock the Notifications