VIDEO: वेस्ट बैंक से फिलीस्तीन का झंडा उखाड़ रहा था इजराइली शख्स, अचानक हो गया IED धमाका
Israel-Hamas War: इजराइल और हमास के बीच लगातार जंग जारी है और अब इजराइली प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने संकेत दे दिए हैं, कि गाजा पट्टी के रफा में इजराइली सेना जल्द ही ग्राउंड ऑपरेशन शुरू कर सकती है, लेकिन इन सबके बीच सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हुआ है, जो काफी खौफनाक है।
सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर वायरल हुए फुटेज के मुताबिक, वेस्ट बैंक से फिलीस्तीनी झंडा हटाने गया एक इजराइली नागरिक IED ब्लास्ट की चपेट में आ गया। समाचार एजेंसी रॉयटर्स ने इस वीडियो को प्रकाशित किया है।

टाइम्स ऑफ इजराइल के अनुसार, वेस्ट बैंक के पास स्थिति बस्ती कोचाव हशहर के पास इम्प्रोवाइज्ड एक्सप्लोसिव डिवाइस (IED) में उस वक्त विस्फोट हो गया, जब इजराइली नागरिक वहां से फिलीस्तीन का झंडा हटाने की कोशिश कर रहा था। रेस्क्यूअर्स विदाउट बॉर्डर्स आपातकालीन सेवा का कहना है, धमाके में उस शख्स को ज्यादा चोटें नहीं आई हैं, लिहाजा मौके पर ही उसका इलाज कर उसे घर भेज दिया गया। उस शख्स ने अस्पताल जाने से मना कर दिया था।
रफा में ऑपरेशन शुरू कर सकता है इजराइल
स्थानीय स्वास्थ्य अधिकारियों के मुताबिक, इजराइल-हमास युद्ध में 34,000 से ज्यादा फिलिस्तीनी मारे गए हैं और गाजा के दो सबसे बड़े शहर अब पूरी तरह से तबाह हो गए हैं। लगभग 80% आबादी अपने घरों से भागकर शरणार्थी शिविरों में है, जहां अकाल फैल चुका है।
इजराइल और हमास के बीच का संघर्ष अब सातवें महीने में पहुंच चुका है, जिसने क्षेत्रीय अशांति को जन्म दे दिया है। पिछले हफ्ते ईरान और इजराइल के बीच भी युद्ध होने की पूरी आशंका बन गई थी, हालांकि दोनों देशों ने धैर्य से काम लिया और युद्ध की नौबत नहीं आई। लेकिन, क्षेत्र के कई आतंकवादी संगठन, जैसे हूती विद्रोही, हिज्बुल्लाह एक्टिव हो चुके हैं, जिससे लाल सागर में जहाजों के लिए खतरा पैदा हो गया है।
इजरायल के कब्जे वाले वेस्ट बैंक में भी तनाव काफी बढ़ गया है। इजरायली सैनिकों ने दो फिलिस्तीनियों को मार डाला, जिनके बारे में सेना का कहना है, कि रविवार तड़के दक्षिणी वेस्ट बैंक के हेब्रोन शहर के पास एक चौकी पर उन्होंने चाकू और बंदूक से हमला किया था। फिलिस्तीनी स्वास्थ्य मंत्रालय ने कहा है, कि मारे गए दोनों लोग एक ही परिवार से 18 और 19 साल के युवक थे।












Click it and Unblock the Notifications