कभी बापू को सुनकर समर्थकों को उपदेश देता था लादेन
लंदन। सुनने में थोड़ा अजीब लग सकता है लेकिन यह बात सच है। महात्मा गांधी यानी बापू जिन्होंने दुनिया को अंहिसा का पाठ पढ़ाया, उन्होंने अल कायदा के मृत चीफ ओसामा बिन लादेन को भी प्रभावित किया था।

यह बात लादेन के एक नए टेप से साबित होती है। टेप में वह अपने समर्थकों को बता रहा है कि कैसे बापू ने अंग्रेजों के खिलाफ कदम उठाए और कैसे उन्होंने भारत के लोगों से अपील की कि वे ब्रिटिश चीजों और कपड़ों का प्रयोग करना बंद कर दें।
वर्ष 1993 के इस टेप में लादेन अपने समर्थकों से अपील कर रहा है कि उन्हें भी अमेरिका में बनी चीजों का प्रयोग करना बंद कर देना चाहिए। अफगानिस्तान के कंधार स्थित एक बिल्डिंग से करीब 1500 ऑडियो टेप्स मिले हैं।
एक ब्रिटिश न्यूज चैनल की मानें तो इन टेप्स को मैसाचुसेट्स के विलियम्स कॉलेज में अफगान मीडिया प्रोजेक्ट्स के पास भेजा गया।
इस कॉलेज ने कैलिफोर्निया यूनिवर्सिटी में अरबी भाषा पढ़ाने वाले फ्लैग मिलर से टेप के बाबत जानकारी मांगी। 1960 से 2001 तक इन टेप्स में करीब 200 लोगों के भाषण हैं जिनमें से ज्यादातर अलकायदा और तालिबान से जुड़े नेताओं की बातें हैं। इन्हीं टेप्स में से एक टेप में बापू का जिक्र है।
टेप में ओसामा ने कहा है कि ब्रिटेन को देखिए। ब्रिटेन के बारे में कहा जाता था कि इस देश का सूरज कभी नहीं डूबता। लेकिन ब्रिटेन को भारत से हटना पड़ा जब गांधी ने उनके चीजों के बॉयकॉट की घोषणा की। अमेरिका के साथ भी ऐसा ही करना होगा।
टेप्स के मुताबिक ओसामा ने 1996 तक हिंसा का कभी कोई जिक्र नहीं किया था। लेकिन जब 1996 में उसे सूडान से निकाला गया तब उसने बदला लेने की ठान ली थी।












Click it and Unblock the Notifications