Coronavirus: डॉक्टर की पत्नी ने सुनाई आपबीती, कहा- घर में होने के बावजूद पति और बच्चों...
वॉशिंगटन। कोरोना वायरस अब और ज्यादा खतरनाक हो चुका है और इसने दुनिया के करीब 160 देशों को अपनी चपेट में लिया है। दुनिया में लगभग तीन लाख लोग इससे संक्रमित हैं। डॉक्टर्स और सारा मेडिकल स्टाफ दिन रात मरीजों की तीमारदारी में लगा हुआ है। एक डॉक्टर की पत्नी ने ट्विटर पर बताया है कि कैसे संक्रमित लोगों के इलाज में लगे मेडिकल स्टाफ की फैमिली लाइफ इस महामारी की वजह से बदल गई है। यह डॉक्टर अमेरिकी राज्य अटलांटा का रहने वाला है और अब डॉक्टर को आइसोलेशन में रहने को मजबूर होना पड़ रहा है।

पति कई दिनों तक अस्पताल में
अटलांटा की रेचल पैटजेर के पति एक फीजीशियन हैं और कोरोना वायरस की वजह से उनके पति को कई दिनों तक अस्पताल में ही रहने को मजबूर होना पड़ा। रेचल ट्विटर पर आईं और उन्होंने कुछ ट्वीट के जरिए हालातों को बयां किया। रेचल के ट्वीट काफी इमोशनल हैं और कई लोगों ने इसे रि-ट्वीट किया है। रेचल ने लिखा है, 'मेरे पति इमरजेंसी डिपार्टमेंट में एक फीजीशियन हैं और पूरी सक्रियता के साथ मरीजों का इलाज कर रहे हैं।' रेचल ने अपनी ट्वीट में बताया है कि पति लगातार कोरोना के मरीजों का इलाज कर रहे हैं ऐसे में दोनों को एक मुश्किल फैसला लेना पड़ा। पति घर के गैराज में आइसोलशन में रह रहे हैं।
घर के गैराज में आइसोलेशन में
रेचल खुद भी एमोरी यूनिवर्सिटी में एपिडोमियोलॉजिस्ट एंड हेल्थ सर्विसेज में रिसर्चर हैं। उन्होंने लिखा, 'हमनें अभी एक बहुत ही मुश्किल फैसला लिया और उन्हें आइसोलेट किया है। वह मरीजों का इलाज कर रहे हैं और उन्हें अपार्टमेंट के गैराज में भेज दिया है।' रेचल ने अपनी ट्वीट में बताया है कि कैसे उन दोनों ने तीनों बच्चों जिसमें एक तीन हफ्तों को नवजात भी शामिल है, उनकी जिंदगी खतरे में नहीं डालना चाहते थे। दिसंबर 2019 में चीन में कोरोना का पहला केस सामने आया था और काफी तीव्रता से वायरस दुनिया के बाकी देशों में पहुंच गया है। अब तक इस वायरस की वजह से दुनिया के दो लाख से ज्यादा लोग संक्रमित हैं।
रेचल ने कहा डॉक्टर और नर्सों को कहें थैंक्यू
रेचल ने अपनी एक ट्वीट में लिखा, 'यह बात और ज्यादा दिल दुखाने वाली है कि कितने ही हफ्तों तक वो हमारे बच्चे को गोद में नहीं उठा सकेंगे और न ही बाकी बच्चों के साथ खेल सकेंगे।' एक और ट्वीट में उन्होंने लिखा है कि यह सिर्फ एक उदाहरण है जिससे पता लगता है कि मेडिकल स्टाफ किस तरह से समुदायों और लोगों को बचाने की कोशिशें कर रहा है। रेचल ने लोगों से अपील की है कि वे सभी इस महामारी को गंभीरता से लें और साथ ही डॉक्टरों, नर्सो का शुक्रिया अदा करें जो हर पल मरीजों के लिए अपनी जिंदगियों को कुर्बान कर रहे हैं।

काम के बोझ और थकान से परेशान डॉक्टर
रेचल की ट्वीट वायरल हो गई हैं और उनकी पांच ट्चीट्स को पांच लाख से ज्यादा लाइक्स मिल चुके हैं। लोगों ने कमेंट्स में उन्हें और उनके डॉक्टर पति को शुक्रिया अदा किया है। साथ ही कुछ और लोगों ने भी महामारी के दौरान अपने संघर्ष की कहानियों को बयां किया है। कुछ दिनों पहले इटली की एक नर्स की फोटोग्राफ भी वायरल हुई थी जिसमें वह अपने की-बोर्ड पर ही सिर नीचे करके सो गई थी। इटली के हालात इन दिनों काफी खराब हैं और यहां पर मेडिकल स्टाफ को थकान और काम के ज्यादा बोझ को झेलने पर मजबूर होना पड़ रहा है।












Click it and Unblock the Notifications