Mexico : बीच हवा में हॉट एयर बैलून में लगी आग, डरकर यात्रियों ने आसमान से लगाई छलांग... 2 की मौत
Hot Air Balloon Fire: मेक्सिको सरकार ने मरने वाले यात्रियों के नाम नहीं बताए हैं। मरने वाले यात्रियों की पहचान एक 39 वर्षीय महिला और एक 50 वर्षीय व्यक्ति के रूप में की गई है।

Image: Twitter
उत्तरी अमेरिकी देश मैक्सिको में एक हॉट एयर बैलून में आग लगने की घटना सामने आई है। इसमें दो लोगों की मौत हो गई है। सोशल मीडिया पर इससे जुड़ा एक वीडियो वायरल हो रहा है। जानकारी के मुताबिक ये हॉट बैलून मैक्सिको सिटी के पास प्रसिद्ध पुरातत्व स्थल टियोतिहुआकैन का है। कई टूर ऑपरेटर लगभग 150 डॉलर में मेक्सिको सिटी से 45 मील (70 किलोमीटर) उत्तर-पूर्व में टियोतिहुआकैन के ऊपर बैलून से यात्रियों को इसकी सैर कराते हैं।
मेक्सिको की सरकार ने एक बयान में कहा कि आग लगने के बाद बैलून में सवार यात्री बैलून से कूद गए। इस हादसे में एक बच्चे के झुलसने की भी खबर है। यह घटना शनिवार सुबह की बताई जा रही है। सोशल मीडिया पर शेयर किए गए वीडियो में दिख रहा है कि पूरी तरह से साफ आसमान में जैसे ही हॉट एयर बैलून उड़ा उसी दौरान बैलून के गोंडोला में आग लग गई। इसमें सवार यात्री डर गए और हॉट एयर बैलून से छलांग लगा दी।
न्यूज एजेंसी AFP के अनुसार सरकार ने मरने वाले यात्रियों के नाम नहीं बताए हैं। मरने वाले यात्रियों की पहचान एक 39 वर्षीय महिला और एक 50 वर्षीय व्यक्ति के रूप में की गई है। सरकार द्वारा जारी एक बयान में कहा गया है कि इस हादसे में मरने वाले बच्चे का चेहरा आग से पूरी तरह से झुलस गया था। इसके साथ ही उसका दाहिना पैर में भी चोट आई है। बयान में यह नहीं बताया गया है कि इस हॉट एयर बैलून में कितने यात्री सवार थे।
आपको बता दें कि कुछ दिन पहले ही ब्राजील में भी एक इसी तरह का वाकया हुआ था। एक छोटे पैसेंजर एयरक्राफ्ट को एक पैराशूट की मदद से क्रैश होने से बचाया गया था। सिंगल इंजन वाले इस एयरक्राफ्ट में 6 लोग सफर कर रहे थे। इनमें दो बच्चे भी शामिल थे। हालांकि इन सभी लोगों को सुरक्षित बचा लिया गया था।












Click it and Unblock the Notifications