लंदन के Heathrow Airport पर क्या हुआ? 1400 उड़ानें प्रभावित, एयर इंडिया ने जारी किया हेल्पलाइन नंबर
Heathrow Shut down: लंदन के हीथ्रो हवाई अड्डे (heathrow airport) को 21 मार्च की आधी रात तक के लिए बंद कर दिया गया है। हवाई अड्डे को बंद करने की वजह से करीब 14,00 से अधिक घरेलू और अंतरराष्ट्रीय फ्लाइटों पर असर पड़ा है। इसमें एयर इंडिया की कई उड़ानें भी शामिल हैं, जिन्हें या तो रद्द कर दिया गया है या फिर उन्हें वापस लौटना पड़ा है।
दरअसल, लंदन के हेस क्षेत्र में स्थित एक इलेक्ट्रिकल सबस्टेशन में 20 मार्च को आग लग गई थी। इलेक्ट्रिकल सबस्टेशन में आग लगने के कारण बिजली आपूर्ति में भारी व्यवधान हुआ है, जिसके चलते हीथ्रो हवाई अड्डे को आधी रात तक के लिए बंद कर दिया गया है। इस बारे में एयरपोर्ट अथॉरिटी ने जानकारी भी साझा की है।

हीथ्रो एयरपोर्ट अथॉरिटी ने X पर लिखा, 'एयरपोर्ट को बिजली आपूर्ति करने वाले एक इलेक्ट्रिकल सबस्टेशन में आग लगने के कारण हीथ्रो में बिजली की गंभीर कमी हो गई है। हमारे यात्रियों और सहकर्मियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए हीथ्रो 21 मार्च की रात 11.59 बजे तक बंद रहेगा।'
इतना ही नहीं, एयरपोर्ट अथॉरिटी ने यात्रियों को सलाह देते हुए कहा कि यात्री कृपया हवाई अड्डे पर न जाएं व अधिक जानकारी के लिए अपनी एयरलाइन से संपर्क करें। असुविधा के लिए हमें खेद है। हवाई अड्डे के प्रवक्ता ने बीबीसी को जानकारी देते हुए बताया कि अग्निशमन दल अपना काम कर रहे हैं, हमें यह स्पष्ट नहीं है कि बिजली कब तक बहाल हो सकती है।
हम स्थिति को हल करने के लिए यथासंभव प्रयास कर रहे हैं। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, हीथ्रो हवाई अड्डा दुनिया के सबसे व्यस्त दो-रनवे हवाई अड्डों में से एक है। यहां प्रतिदिन 1300 उड़ानों का संचालन करता है। हीथ्रो हवाई अड्डा बंद (heathrow airport shutdown) होने के कारण कम से कम 120 उड़ानें, जो पहले से ही हवा में थीं, उन्हें अन्य हवाई अड्डों की ओर डायवर्ट करना पड़ा।
इस बीच, एयरपोर्ट प्रशासन के इस (heathrow airport shutdown) फैसले की वजह से करीब 2 लाख लोग फंस गए हैं। बता दें कि एयर इंडिया भारत से लंदन हीथ्रो के लिए रोजाना छह उड़ानें संचालित करती है। वहीं, अब एयरलाइन ने अपने यात्रियों के लिए एक एडवाइजरी जारी की है, जिसमें कहा गया है हीथ्रो हवाई अड्डे पर उनकी उड़ानों के संचालन में व्यवधान हुआ है।
एयर इंडिया ने जारी किया हेल्पलाइन नंबर
एयर इंडिया ने यात्रियों से अपील की कि वे हवाई अड्डे पर जाने से पहले अपनी उड़ान की स्थिति की जांच करें। इतना ही नहीं, एयर इंडिया ने यात्रियों की सहायता के लिए हेल्पलाइन नंबर 011-69329333/011-69329999 भी जारी किया है। साथ ही, कहा है कि हम स्थिति पर नजर बनाए हुए है।












Click it and Unblock the Notifications