एयरस्ट्राइक में मारा गया हमास का एयर फोर्स चीफ, चुन-चुनकर दुश्मनों को ठिकाने लगा रहा इजराइल
इजराइल ने हमास के वायु सेना चीफ अबु मुराद को मार गिराया है। इजराइली वायुसेना ने कहा कि रात भर गाजा में हुई एयर स्ट्राइक में हमास के एयरफोर्स हेड मुराद अबु मुराद के मारे जाने की खबर है।
इजराइली वायु सेना ने एक बयान में कहा कि मुराद को मारने के लिए एक मुख्यालय को निशाना बनाया गया जहां से आतंकवादी समूह अपनी हवाई गतिविधि को नियंत्रित करता था। बीते शनिवार को हमास के आतंकियों को निर्देश मुराद अबु मुराद की तरफ से ही दिए गए थे।

द टाइम्स ऑफ इजराइल ने लिखा कि अबू मुराद ने इजराइल में हुए घातक हमलों को अंजाम देने वाले आतंकवादियों को निर्देशित करने में एक बड़ी भूमिका निभाई थी। इनमें हैंग ग्लाइडर पर हवा से इजराइल में प्रवेश करने वाले हमलावर भी शामिल थे।
हालांकि हमास ने अभी तक मुराद अबु मुराद के मारे जाने की पुष्टि नहीं की है। आईडीएफ ने कहा कि उसने रात भर अलग-अलग हमलों में हमास के कमांडो बलों से संबंधित दर्जनों साइटों को निशाना बनाया, जिन्होंने 7 अक्टूबर को इज़राइल में घुसपैठ का नेतृत्व किया था।
इस बीच गाजा में स्वास्थ्य मंत्रालय का अब कहना है कि पिछले 24 घंटों में गाजा में इजरायली हवाई हमलों में 324 फिलिस्तीनी मारे गए हैं और 1,000 अन्य घायल हुए हैं। इसमें कहा गया है कि 66 प्रतिशत पीड़ित बच्चे और महिलाएं हैं।
फिलिस्तीनी स्वास्थ्य मंत्रालय ने शनिवार को बताया कि 7 अक्टूबर से अब तक इजराइल के हमलों से गाजा में 1900 फिलिस्तीनियों की मौत हुई है। वहीं 7600 से ज्यादा लोग घायल हुए हैं। दूसरी तरफ इजराइल ने कहा है कि उसने लगभग 1,500 आतंकवादियों को मारा है।
इस बीच इजराइली सेना का कहना है कि उसे लेबनान की सीमा पर गोलाबारी में फंसने पर मारे गए एक रॉयटर्स पत्रकार की मौत पर "बहुत खेद" है। शुक्रवार को रॉयटर्स वीडियोग्राफर की मौत के बारे में पूछे जाने पर सैन्य प्रवक्ता रिचर्ड हेचट ने संवाददाताओं से कहा, "हमें पत्रकार की मौत पर बहुत दुख है।"
हालांकि, इजराइली सेना ने जिम्मेदारी स्वीकार नहीं की। हेचट ने कहा, "हम इसकी जांच कर रहे हैं," जिसमें एएफपी के दो सहित छह अन्य पत्रकार भी घायल हो गए थे।












Click it and Unblock the Notifications