50 बंधकों को रिहा करने पर तैयार हुआ हमास, इजराइल के सामने रख दी ये 2 शर्तें, PM नेतन्याहू मानेंगे?
फिलिस्तीन का आतंकी संगठन हमास 3 दिन के युद्धविराम और कैदियों की रिहाई के बदले 50 बंधकों को रिहा करने पर सहमत हो गया है। ये मध्यस्थता कतर और अमेरिका के नेतृत्व में हो रहा है। हालांकि अभी तक इजराइल ने इस समझौते पर हामी नहीं भरी है।
इस बारे में जानकारी देते हुए एक अधिकारी ने न्यूज एजेंसी 'रॉयटर्स' को बताया कि हमास युद्धविराम के लिए राजी है। इसके लिए वो 50 बंधक भी रिहा करने के लिए तैयार हो गया है, लेकिन बदले में चाहता है कि इजराइली सेना 3 दिन हमले न करे।

इस रिपोर्ट में दावा किया गया है कि हमास ने ये भी कहा है कि वो इजराइल को भी कुछ फिलिस्तीनी महिलाओं और बच्चों को रिहा करना होगा। गौरतलब है कि हमास इससे पहले भी 50 कैदियों की रिहाई के बदले इजराइल से कुछ डिमांड कर चुका है।
बीते महीने आखिरी सप्ताह अमेरिकी अखबार द वॉल स्ट्रीट जर्नल ने अपनी रिपोर्ट में बताया था कि हमास ने गाजा में ईंधन की अनुमति देने के बदले दोहरी नागरिकता वाले 50 नागरिकों की रिहाई की मांग रखी है।
अगर इजराइल इस समझौते पर राजी हो जाता है तो फिलिस्तीनी आतंकी समूह हमास द्वारा इजराइल पर 7 अक्टूबर को किए गए हमले के बाद और हमास के कमांडो द्वारा बंधकों को ले जाए जाने के बाद हमास द्वारा यह अब तक की बंधकों की रिहाई की सबसे बड़ी संख्या होगी।
रिपोर्ट में अधिकारी के हवाले बताया गया है कि इजराइल अभी इस बारे में और बातचीत के पक्ष में है। अभी यह भी पता नहीं चल सका है कि इस समझौते के तहत इजराइल कितनी फिलिस्तीनी महिलाओं और बच्चों को अपनी जेलों से रिहा करेगा।
7 अक्टूबर को शुरू हुई इजराइल हमास जंग के बीच पहली बार एक फ्यूल टैंकर गाजा पहुंचा। यह टैंकर इजराइल की मंजूरी के बाद भेजा गया है। यूएनआरडब्ल्यूए के अनुसार, 23,000 लीटर ईंधन गाजा में भेजा गया है, लेकिन यह फिलिस्तीनियों को सहायता जारी रखने के लिए आवश्यक मात्रा का केवल 9 फीसदी है।
UN ने भी इसे नाकाफी बताया है। वहीं, इजराइल के राष्ट्रीय सुरक्षा मंत्री इतामार बेन-गविर ने ऊ इसे लेकर नाराजगी जताई है। उन्होंने सोशल मीडिया पर लिखा है- 'डीजल = हथियार'। इजराइल के परिवहन मंत्री, मिरी रेगेव ने एक्स पर लिखा है कि गाजा के लिए ईंधन हमास के लिए ईंधन है।












Click it and Unblock the Notifications