फ्रांस से चार दिन बाद मुंबई रवाना हुआ 303 भारतीयों से भरा विमान, भारत ने किया धन्यवाद
फ्रांस में रोकी गई फ्लाइट ने सोमवार को मुंबई के लिए उड़ान भर ली है। इस विमान को मानव तस्करी के शक में पेरिस के पास हवाई अड्डे पर रोका गया था। इस विमान में 303 यात्री सवार थे, इसमें ज्यादातर भारतीय हैं।
फ्रांसीसी अखबार ले मोंडे ने सोमवार देर रात रिपोर्ट दी। मिली जानकारी के मुताबिक प्लेन कल भारत के मुंबई एयरपोर्ट पर लैंड करेगा। पहले इसके सोमवार दोपहर 2:20 बजे भारत आने की जानकारी दी गई थी।

फ्रांस की एक कोर्ट के आदेश के बाद भारतीयों के प्लेन को उड़ान भरने की इजाजत दे दी गई थी। रविवार को 4 जजों ने क्रिसमस की छुट्टियों में भी काम करते हुए हिरासत में रखे गए यात्रियों से पूछताछ करने बाद विमान के रवाना होने के आदेश दिए थे।
फ्रांसीसी मीडिया के मुताबिक,303 भारतीयों में एक 21 महीने का बच्चा और 11 भारतीय नाबालिग हैं, जिनके माता-पिता उनके साथ नहीं हैं। पूछताछ के दौरान कुछ लोग हिंदी में बात कर रहे थे। कुछ लोग तमिल भाषा बोल रहे थे। ऐसे में अनुमान लगाया जा रहा है कि प्लेन में दक्षिण भारत के लोग भी मौजूद थे।
विमान को रवाना होने की अनुमति देने के बाद रविवार को फ्रांसीसी न्यायाधीशों ने प्रक्रिया में अनियमितताओं के कारण यात्रियों की सुनवाई रद्द करने का फैसला किया।
विमान की स्थिति को लेकर कई घंटों तक भ्रम की स्थिति रहने के बाद ये विमान रवाना हुआ। दरअसल इस बीच कुछ ऐसी रिपोर्ट्स मिली थीं कि विमान में सवार कई लोग अपने देश में वापस नहीं लौटना चाहते हैं।
दुबई से निकारागुआ जा रहा भारतीय नागरिकों वाला ये विमान वैट्री एयरपोर्ट पर फ्यूल भराने के लिए उतरा था। इस दौरान फ्रांस के अधिकारियों को सूचना मिली की इसमें मानव तस्करी के पीड़ितों को ले जाया जा रहा है, जिसके बाद फ्लाइट को उड़ान भरने से रोक दिया गया था।












Click it and Unblock the Notifications